मेरठ में इनर रिंग रोड जल्द ही! गूमी व जुर्रानपुर गांव से जमीन खरीदेगा मेडा, किसानों से पहले ही दे दी सहमति
मेरठ में इनर रिंग रोड के लिए गूमी और जुर्रानपुर गांवों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। किसानों ...और पढ़ें

बिजली बंबा रोड पर जुर्रानपुर फाटक के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर। जागरण
HighLights
इनर रिंग रोड के लिए गूमी, जुर्रानपुर से जमीन खरीद।
किसानों की सहमति के बाद मेडा करेगा भूमि अधिग्रहण।
मेडा 162 करोड़, पीडब्ल्यूडी 68 करोड़ करेगा खर्च।
जागरण संवाददाता, मेरठ। इनर रिंग रोड के लिए जल्द ही गूमी व जुर्रानपुर गांव से जमीन की खरीद शुरू होगी। इसके लिए जिला क्रय समिति की बैठक हो गई है, अब खसरा के अनुसार किसान खाताधारकों की संख्या तय करके बैनामा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यहां पर जमीन खरीद के लिए किसानों ने पहले ही सहमति दे दी थी।
हापुड़ रोड से मेरठ-रुड़की हाईवे तक 5.7 किमी के हिस्से में रिंग रोड का निर्माण होना है। इसमें से 3.6 किमी लंबे हिस्से को बनाने की जिम्मेदारी मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) को दी गई है। मेडा दो हिस्से में इसका निर्माण करेगा, पहला वेदव्यासपुरी से दिल्ली रोड तक और दूसरा शताब्दीनगर से जुर्रानपुर रेलवे लाइन के पास तक। मेडा दूसरे हिस्से के लिए जुर्रानपुर व गूमी गांव से जमीन की खरीद करेगा। इसके बाद सड़क निर्माण के लिए जमीन को पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरित करेगा। इस हिस्से में पूठा के पास रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज बनेगा, जिसका निर्माण सेतु निगम कराएगा।
वहीं जुर्रानपुर गांव में रेलवे लाइन पर अर्धनिर्मित ओवरब्रिज का निर्माण आवास विकास परिषद कराएगा। अपने हिस्से की जमीन खरीद पर मेडा 162 करोड़, जबकि सड़क निर्माण पर पीडब्ल्यूडी 68 करोड़ रुपये खर्च करेगा। गौरतलब है कि गूमी व जुर्रानपुर में जमीन का चिह्नाकंन व सर्वे पहले ही किया जा चुका है। एलाइनमेंट में आने वाले खसरा से संबंधित किसानों से सहमति पत्र भी लिए गए थे। मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि क्रय समिति की बैठक हो गई है, अब खरीद से संबंधित आगे की प्रक्रिया बढ़ेगी।
दो गांवों से खरीदी जाएगी भूमि
गूमी : 4.5 हेक्टेयर
जुर्रानपुर : 2.05 हेक्टेयर