'सर, गलती हो गई, अब नहीं होगी' पुलिस गिरफ्त में आते ही रोते हुए बोला मेरठ के होटल में युवती से दरिंदगी का आरोपित सलमान
मेरठ के आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल में एक युवती को रातभर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के आरोप में सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं और होटल संचालक व मैनेजर की भूमिका की भी जांच कर रही है।
HighLights
युवती को होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप।
मामले में दुष्कर्म, SC-ST एक्ट की धाराएं बढ़ीं।
जागरण संवाददाता, मेरठ। आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल में युवती को रातभर बंधक बनाकर रखने और उसके साथ मारपीट करने के आरोपित सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती की तहरीर पर पहले बंधक बनाने, मारपीट करने और चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुकदमे में दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। पुलिस होटल के संचालन और घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कंकरखेड़ा के रोहटा रोड स्थित जैनपुर निवासी सलमान उर्फ सोनू की मुलाकात करीब दो साल पहले गाजियाबाद की युवती से एक माल में हुई थी। दोस्ती होने के बाद दोनों ने परतापुर के रिठानी में किराये पर होटल लेकर साझेदारी में कारोबार शुरू किया था। कारोबार नहीं चलने पर होटल बंद हो गया। इसके बाद युवती की शादी तय हो गई और उसने सलमान से संपर्क तोड़ लिया।
सोमवार को युवती ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहने वाली अपनी सहेली से मिलने मेरठ आई थी। आरोप है कि सहेली के दोस्त कृष्णा ने सलमान को युवती के आने की जानकारी दी। कृष्णा रविवार रात कार से युवती, उसकी सहेली और सहेली की भाभी को आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल लेकर पहुंचा था। कृष्णा ही होटल का मैनेजर है, जबकि होटल का संचालन गोविंद चौरसिया कर रहा है। होटल में सलमान पहले से मौजूद था। कृष्णा अपनी दोस्त के साथ अलग कमरे में चला गया, जबकि युवती को सलमान दूसरे कमरे में ले गया।
आरोप है कि सलमान ने युवती को रातभर कमरे में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ मारपीट व दुष्कर्म किया। मंगलवार दोपहर युवती किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर होटल से बाहर भागी और आबूलेन बाजार में पहुंच गई। सलमान भी पीछा करते हुए बीच बाजार में पहुंच गया। उसने युवती को सड़क पर गिरा दिया और बाल पकड़कर पीटने लगा।
इसके बाद उसे गोद में उठाकर जबरन होटल के अंदर ले जाने लगा। युवती की चीख-पुकार सुनकर व्यापारी और राहगीर एकत्र हो गए। लोगों ने युवती को छुड़ाया और सलमान की पिटाई शुरू कर दी। भीड़ से बचने के लिए सलमान होटल की छत पर चढ़ा और पीछे की ओर से कूदकर फरार हो गया।
घटना के बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने हंगामा किया था। पुलिस ने युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। अब सलमान की गिरफ्तारी के साथ ही मुकदमे में दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस होटल मैनेजर कृष्णा और संचालक गोविंद चौरसिया की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं... मेरठ के ओयो होटल में बंधक लड़की से दरिंदगी, बाल पकड़कर घसीटा; सड़क पर गिराकर पीटा
इन्होंने कहा
सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती की शिकायत और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
-विनायक भोंसले, एसपी सिटी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।