CM Yogi In Meerut: मेरठ में टोक्यो पैरालिंपिक खिलाड़ियों का पूरे उत्साह और उमंग के साथ अभिनंदन
मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित पैरालिंपियन सम्मान समारोह में विभिन्न प्रदेशों के खिलाडिय़ों का स्वागत पूरे उत्साह और उमंग के साथ हुआ। मुख्य कार्यक्रम शुरू होने से पहले शहर में इन खिलाडि़यों की स्वागत यात्रा निकाली गई।
मेरठ, जागरण संवाददाता। हर देशवासी को देश की उपलब्धि पर गर्व करने का अवसर देने वाले टोक्यो पैरालिंपिक विजेताओं की खुशी को मेरठ ने भी दिल से महसूस किया। गुरुवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित पैरालिंपियन सम्मान समारोह में विभिन्न प्रदेशों के खिलाडिय़ों का स्वागत पूरे उत्साह और उमंग के साथ हुआ। मुख्य कार्यक्रम शुरू होने से पहले शहर में इन खिलाडि़यों की स्वागत यात्रा निकाली गई। विभिन्न चौराहों पर स्कूली बच्चों व एनसीसी कैडेट्स ने पुष्पवर्षा कर खिलाडि़यों का अभिनंदन किया। इस दौरान देशभक्ति के तराने गूंज रहे थे, बैंड प्रस्तुति भी माहौल को खुशनुमा बना रही थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पदकवीर पैरालिंपियंस को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
भव्य स्वागत से खिले मेहमानों के चेहरे
गढ़ रोड पर होटल हारमनी इन से निकली पैरालिंपियंस की स्वागत यात्रा, उनके सम्मान समारोह, और मेरठ की मेजबानी को लेकर सुबह से ही जबरदस्त उत्साह नजर आया। स्वागत यात्रा निकली तो छात्र-छात्राओं का उत्साह देख खिलाड़ी भी प्रोत्साहित हुए। पहला स्वागत तेजगढ़ी चौराहे पर हुआ। स्कूली बच्चों के साथ ही बड़े लोगों ने भी खिलाडिय़ों का अभिनंदन किया। खिलाडिय़ों ने भी पूरे उत्साह के साथ उनका अभिवादन किया। विश्वविद्यालय गेट पर स्कूली बच्चों और कैडेट्स ने पुष्पवर्षा की तो स्कूल बैंड ने चक दे इंडिया जैसी धुन बजाई। यहां के बाद जेल चुंगी चौराहा और साकेत चौराहा होते हुए कमिश्नरी आवास चौराहे पर भी खिलाडि़यों का भव्य स्वागत हुआ। माल रोड और डीएमए चौराहे पर भी विभिन्न स्कूलों के बच्चों का अभिवादन स्वीकार करते हुए पैरालिंपियन कृषि विश्वविद्यालय में सम्मान समारोह स्थल पर पहुंचे।
मेरठ ने किया देश में सबसे अच्छा स्वागत
स्वागत यात्रा में शामिल पैरालिंयिपन ने जब रास्तों पर बैंड के साथ छात्रों को देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा। इस स्वागत व सम्मान से खिलाड़ी गदगद थे। हाई जंपर शरद कुमार के अनुसार, स्कूली बच्चों ने मेरठ में जिस गर्मजोशी से हम सभी का स्वागत किया, ऐसा स्वागत उन्हें देश में कहीं और नहीं मिला। बस में मौजूद खिलाडिय़ों ने भी स्कूली बच्चों का उत्साह बढ़ाने और इस सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
इन खिलाडि़यों का हुआ सम्मान
सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी पैरालिंपियन खिलाडिय़ों के सम्मान में उनके स्वजन को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। टोक्यो पैरालिंपिक में गए कुल 23 खिलाडि़यों का सम्मान किया गया। इनमें 17 खिलाडि़यों ने कुल 19 पदक जीते थे। इनमें पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक शामिल हैं। उप्र के छह उन खिलाडि़यों का भी सम्मान किया गया, जिन्होंने टोक्यो पैरालिंपिक में भाग लिया था।
चार करोड़ रुपये पाने वाले यूपी के खिलाड़ी ( रजत पदक विजेता)
- सुहास लालिनाकेरे यथिराज - उत्तर प्रदेश - बैडमिंटन
- प्रवीण कुमार - उत्तर प्रदेश - ऊंची कूद
दो करोड़ रुपये पाने वाले खिलाड़ी ( स्वर्ण पदक विजेता)
- अवनी लेखरा - राजस्थान - शूटिंग
- सुमित अंतिल - हरियाणा - जेवलिन थ्रो
- मनीष नरवाल - हरियाणा - शूटिंग
- प्रमोद भगत - बिहार - बैडमिंटन
- कृष्णा नागर - राजस्थान - बैडमिंटन
डेढ़ करोड़ रुपये पाने वाले खिलाड़ी (रजत पदक विजेता)
- भाविना पटेल - गुजरात - टेबल टेनिस
- निषाद कुमार - हिमाचल प्रदेश - ऊंची कूद
- योगेश कथुनिया - हरियाणा - डिस्कस थ्रो
- देवेंद्र झाझरिया - राजस्थान - जेवलिन थ्रो
- मरियप्पन थंगावेलू - तमिलनाडु - ऊंची कूद
- सिंघराज अधाना - हरियाणा - शूटिंग
एक करोड़ रुपये पाने वाले खिलाड़ी (कांस्य पदक विजेता)
- सुंदर सिंह गुर्जर - राजस्थान - जेवलिन थ्रो
- शरद कुमार - बिहार - ऊंची कूद
- हरविंदर सिंह - हरियाणा - तीरंदाजी
- मनोज सरकार - उत्तराखंड - बैडमिंटन
25 लाख रुपये पाने वाले पैरालिंपिक में प्रतिभाग करने वाले उप्र के खिलाड़ी
- विवेक चिकारा - तीरंदाजी - मेरठ
- ज्योति - तीरंदाजी - मुजफ्फरनगर
- आकाश - शूटिंग - बागपत
- वरुण सिंह भाटी - ऊंची कूद - गौतमबुद्धनगर
- अजित सिंह - जेवलिन थ्रो - इटावा
- दीपेंद्र सिंह - शूटिंग - संभल।