एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मेरठ को सर्वाधिक पदक
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही प्रदेश स्तरीय बालिका ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक मेरठ मंडल की टीम ने जीता है।
मेरठ : कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही प्रदेश स्तरीय बालिका ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक मेरठ मंडल की टीम ने जीता है। मेरठ की टीम ने छह स्वर्ण, आठ रजत व एक कांस्य पदक के साथ कुल 15 पदक जीते हैं। इस प्रतियोगिता में सबसे अधिक स्वर्ण पदक लखनऊ मंडल की टीम ने जीते। लखनऊ के खिलाड़ियों ने आठ स्वर्ण व तीन रजत पदक जीते हैं। अलीगढ़ को एक स्वर्ण पदक और वाराणसी मंडल की टीम ने दो रजत और आठ कांस्य पदक जीता है। इनके अलावा बरेली को एक रजत व दो कांस्य पदक मिले। मुरादाबाद को एक रजत और इलाहाबाद, आगरा, सहारनपुर और देवीपाटन को एक-एक कांस्य पदक मिला है। समापन समारोह में भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर ने प्रदेश भर के खिलाड़ियों को अनुशासन बनाए रखने के लिए उत्साहवर्धन किया और अतिथियों का अभिनंदन किया। दूसरे दिन इस प्रकार रहा रिजल्ट
3000 मीटर दौड़
प्रथम : निशा, लखनऊ : 10:35 मिनट
द्वितीय : वंदना, वाराणसी : 11:23 मिनट
तृतीय : अमृता पाल, देवीपाटन : 11:35 मिनट
400 मीटर हर्डल्स
प्रथम : गुड़िया, लखनऊ : 1:06:90 मिनट
द्वितीय : सलोनी, मेरठ : 1:14:01 मिनट
तृतीय : प्रियंका, वाराणसी : 1:16:05 मिनट
जैवलिन थ्रो
प्रथम : अनुपम, अलीगढ़ : 24:23 मीटर
द्वितीय : अंजली, मेरठ : 23:64 मीटर
तृतीय : पूजा गुप्ता, वाराणसी : 23:47 मीटर
200 मीटर दौड़
प्रथम : नेहा, मेरठ : 26:66 सेकेंड
द्वितीय : सुमन, वाराणसी : 28:71 सेकेंड
तृतीय : जसलीम, बरेली : 30:05 सेकेंड
चार गुणे 100 मीटर रिले
प्रथम : लखनऊ मंडल
द्वितीय : मेरठ मंडल
तृतीय : वाराणसी
बैडमिंटन प्रतियोगिता में फैजाबाद का दबदबा
स्टेडियम में ही आयोजित प्रदेश स्तरीय ओपन बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता के युगल और एकल प्रतियोगिताओं में फैजाबाद मंडल का दबदबा रहा। शुरू से ही फैजाबाद के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में पकड़ मजबूत रखा और एकल व युगल मैचों में प्रतिद्वंद्वियों को हराकर फाइनल में पहुंचे। शुक्रवार को एकल फाइनल में फैजाबाद मंडल की रिषिका यादव विजेता व वाराणसी मंडल की रुद्ररानी जायसवाल उप-विजेता रहीं। युगल फाइनल मैच में फैजाबद की रिषिका व निधि विश्वकर्मा की जोड़ी विजेता रही और फैजाबाद मंडल की ही काजल राज व शिवानी उपाध्याय की टीम उप-विजेता बनी।