विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वर्चस्व की लड़ाई में फायरिंग मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर, चौकी प्रभारी व सिपाही निलंबित... दो गिरफ्तार

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 12 Nov 2026 12:32 PM (IST)

मेरठ के शताब्दीनगर में वर्चस्व की लड़ाई में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। एसएसपी ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में फायरिंग के आरोपित। सौ. पुलिस

पुलिस की गिरफ्त में फायरिंग के आरोपित। सौ. पुलिस

HighLights

  1. घायल कुलदीप को जिला बदर किया, फायरिंग करने वाले शिवांग व अभिषेक मुठभेड़ में गिरफ्तार 

  2. कुलदीप कसाना और शिवांश गुट में चल रही वर्चस्व की लड़ाई को समझ नहीं पाए चौकी प्रभारी

जागरण संवाददाता, मेरठ। परतापुर के शताब्दीनगर में दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई के दौरान कुलदीप कसाना को गोली मारने की घटना में पुलिस की लापरवाही उजागर हुई है। एसएसपी ने घाट चौकी प्रभारी और बीट सिपाही को निलंबित कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर दो तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। घायल कुलदीप को जिला बदर किया गया है।

गांव कुंडा निवासी रोहित कसाना ने परतापुर थाने में दर्ज मुकदमे में बताया था कि उसका भाई कुलदीप सोमवार रात अपने साथी तेजस और बादल के साथ शताब्दीनगर में हिमांशु के घर जा रहा था। इंद्रापुरम स्थित पीर वाली गली में उसे शताब्दीनगर निवासी शिवांश उर्फ चिंटू व उसका भाई अक्षय, गांव घाट निवासी सागर और निखिल मिल गए। इसके बाद दोनों गुटों में फायरिंग शुरू हो गई। एक गोली कुलदीप की पीठ में लगी। चिंटू, अक्षय, सागर और निखिल फरार हो गए।

बुधवार सुबह पुलिस ने शिवांश को गिरफ्तार कर लिया। इसके कुछ देर बाद वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद कराने के लिए पुलिस शिवांश को परतापुर में एलएंडटी के प्लांट के पास निर्माणाधीन इमारत में लेकर पहुंची। इसी दौरान उसके साथी अभिषेक ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने अभिषेक को भी गिरफ्तार कर उससे तमंचा बरामद किया। शिवांश की निशानदेही पर एक तमंचा बरामद हुआ।

परतापुर पुलिस की लापरवाही हुई उजागर
दोनों गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में पहले भी फायरिंग हो चुकी है। 14 जुलाई को टीपीनगर पुलिस ने वेदव्यासपुरी में फायरिंग के मामले में कुलदीप कसाना और आयुष विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुलदीप ने जमानत पर आने के बाद फिर वर्चस्व की लड़ाई शुरू कर दी। कुलदीप का शिवांग उर्फ चिंटू से विवाद हुआ। पिछले कई दिनों से दोनों गुट शताब्दीनगर में घूम रहे थे। उसके बावजूद भी परतापुर पुलिस कार्रवाई करने में नाकाम रही। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने घाट चौकी प्रभारी अजय प्रताप और बीट कांस्टेबल अंकित नागर को निलंबित कर दिया। विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।