मेरठ में युवक पर तीन राउंड फायरिंग से सनसनी, पीठ में लगी गोली
Meerut News: मेरठ के शताब्दीनगर में कुलदीप कसाना पर तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें उसे पीठ में गोली लगी और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल में भर्ती घायल कुलदीप कसाना। जागरण
HighLights
शताब्दीनगर और घाट के चार युवकों पर गोली मारने का आरोप।
घायल कुलदीप आनंद अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। परतापुर के शताब्दीनगर में फायरिंग के आरोपित कुलदीप कसाना पर तीन राउंड गोली चलाई गई। पीठ में गोली लगने से उसे आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शताब्दीनगर और घाट के चार युवकों पर उसे गोली मारने का आरोप है। शराब पीने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद यह घटना हुई।
परतापुर पुलिस गत वर्ष में कुलदीप कसाना पर जिला बदर की संस्तुति कर चुकी थी। कुलदीप पक्ष ने अदालत में अपना पक्ष रखकर पुलिस की कार्रवाई को चुनौती दी थी। इससे पहले, 14 जुलाई को टीपीनगर थाने की पुलिस ने वर्चस्व के झगड़े में फायरिंग के आरोप में कुलदीप कसाना को जेल भेजा था।
कुंडा निवासी 25 वर्षीय कुलदीप पर गतवर्ष परतापुर थाने से गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। सोमवार को वह अपने साथी तेजस और बादल के साथ शताब्दीनगर में साथी हिमांशु के घर जा रहा था। रास्ते में शताब्दीनगर के चिंटू और उसके भाई अक्षय के साथ घाट के सागर और निखिल मिले। सभी ने साथ में शराब पी। किसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
बताया जाता है कि गाड़ी खड़ी करने को लेकर पहले भी उनके बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि चिंटू ने तमंचा निकालकर तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली कुलदीप की पीठ में लगी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हमलावर मौके से भाग गए। पुलिस की मदद से घायल को आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कुलदीप के भाई रोहित ने बताया कि वह चचेरे भाई राहुल के साथ नोएडा में रहकर प्रापर्टी का काम करता है और दीपावली पर घर आया था। रोहित ने बताया कि कुलदीप जिला बदर नहीं हुआ था। पुलिस की तरफ से कार्रवाई को अदालत में चुनौती देकर बीच में रोक दिया था।
14 जुलाई को टीपीनगर पुलिस ने कुलदीप कसाना को जेल भेजा था। नशामुक्ति केंद्र के बंटवारे को लेकर आयुष विश्वकर्मा और अनुज चौधरी के बीच विवाद हुआ था। उस समय अनुज की ओर से कुलदीप भी मौके पर पहुंचा था। फायरिंग की घटना में कुलदीप और आयुष को जेल भेजा गया था। एसओ मानवेंद्र ने बताया कि 2025 में भी कुलदीप पर परतापुर थाने से गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई थी।
एसओ और चौकी प्रभारी पर कार्रवाई होगी?
डीआइजी कलानिधि नैथानी ने फायरिंग की घटना को लेकर एसओ, चौकी प्रभारी और बीट कांस्टेबल की जिम्मेदारी तय की थी। उन्होंने आदेश दिया था कि ऐसी घटना पर कार्रवाई की जाएगी। अब देखना है कि परतापुर में हुई फायरिंग के मामले में अधीनस्थों पर कार्रवाई होती है या आदेश कागजों तक सीमित रह जाता है।
कुलदीप कसाना पहले भी फायरिंग की घटना में जेल जा चुका है। साथ ही फायरिंग करने वाले सागर और निखिल, चिंटू और अक्षय ने भी परतापुर में वर्चस्व बनाया हुआ है। उक्त आरोपित जहां चाहे वहीं पर फायरिंग की घटना कर देते है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस की भूमिका की भी पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।