विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गार्ड ने महिला हेड कांस्टेबल को वाशरूम जाने से रोका, अभद्रता व धक्का-मुक्की भी की, मुकदमा दर्ज

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 14 Nov 2026 04:15 PM (GMT+05:30)

मेरठ में को-आपरेटिव चौराहे पर तैनात महिला हेड कांस्टेबल को बैंक के गार्ड ने वाशरूम जाने से रोका और अभद्रता ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. महिला हेड कांस्टेबल को बैंक वाशरूम जाने से रोका गया।

  2. सुरक्षा गार्ड ने पुलिसकर्मी से अभद्रता व धक्का-मुक्की की।

  3. गार्ड के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज।

जागरण संवाददाता, मेरठ। सिविल लाइंस क्षेत्र में को-आपरेटिव चौराहे पर तैनात महिला पुलिसकर्मी को गार्ड ने न सिर्फ को-आपरेटिव बैंक के वाशरूम जाने से रोका बल्कि अभद्रता करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल अमित कुमार ने थाना सिविल लाइंस में सुरक्षा गार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

नौ नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे हेड कांस्टेबल अमित कुमार, एसआइ विजेंद्र पाठक, महिला हेड कांस्टेबल अंकिता सैनी, यमुनोत्री और एक होमगार्ड के साथ को-आपरेटिव बैंक चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। आरोप है कि तभी को-आपरेटिव बैंक का सुरक्षा गार्ड वीरेंद्र मलिक वहां पहुंचा और चेकिंग का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों से कहासुनी की।

पुलिस ने समझाकर सुरक्षा गार्ड को भेज दिया। चूंकि चौराहे पर सार्वजनिक शौचालय नहीं है, इसलिए दोपहर तीन बजे महिला हेड कांस्टेबल अंकिता सैनी बैंक के पीछे बने वाशरूम में जाने लगीं। आरोप है कि सुरक्षा गार्ड वीरेंद्र मलिक ने उन्हें वाशरूम प्रयोग करने से रोकते हुए गाली-गलौज की। शोर सुनकर हेड कांस्टेबल अमित कुमार मौके पर पहुंचे तो उनके सामने ही गार्ड अंकिता सैनी से धक्कामुक्की करने लगा। किसी तरह महिला पुलिसकर्मी को वहां से निकाला गया। अमित कुमार ने सुरक्षा गार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

सार्वजनिक शौचालय होता तो यह नौबत नहीं आती
को-आपरेटिव चौराहे पर काफी भीड़ रहती है। वहां बाजार और तमाम कोचिंग सेंटर भी हैं। इसके बावजूद आसपास कोई सार्वजनिक शौचालय नहीं है। इसके चलते ही महिला हेड कांस्टेबल को-आपरेटिव बैंक के वाशरूम में जाना चाह रही थीं। सुरक्षा गार्ड का तर्क था कि यह सार्वजनिक वाशरूम नहीं है। यदि उक्त चौराहे पर सार्वजनिक वाशरूम होता तो शायद विवाद की नौबत न आती। एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त चौराहे पर सार्वजनिक वाशरूम के लिए नगरायुक्त से बातचीत की है, ताकि महिला पुलिसकर्मियों को परेशानी न हो।

यह है नियमावली
एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि इंडियन सीरीज एक्ट-1887 के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति किसी भी होटल, रेस्तरां या निजी आफिस में जाकर वाशरूम इस्तेमाल कर सकता है। प्यास लगने पर होटल से पानी भी मंगवाया जा सकता है। इसके लिए कोई चार्ज नहीं देना होगा। यदि किसी बड़े होटल का मालिक या कर्मचारी वाशरूम इस्तेमाल करने से रोकता है, तो संबंधित थाने में सराय एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा सकता है। ऐसी स्थिति में होटल का लाइसेंस भी निरस्त हो सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।