मेरठ में 11 स्थानों पर बनेंगे EV चार्जिंग स्टेशन, स्लाे और फास्ट चार्जिंग के रेट तय; दो माह में मिलने लगेगी सुविधा
Meerut News: मेरठ नगर निगम ने शहर में 11 स्थानों पर 36 नए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने का ...और पढ़ें

लोहिया नगर स्थित सिटी ट्रांसपोर्ट डिपो में खड़ीं ई बसें। जागरण
HighLights
मेरठ में 11 स्थानों पर 36 ईवी चार्जिंग पॉइंट लगेंगे।
ईको प्लग कंपनी दो माह में स्टेशन स्थापित करेगी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। नगर निगम ने 11 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन के 36 प्वाइंट स्थापित करने का टेंडर फाइनल कर दिया है।
ईको प्लग कंपनी दो माह में इन स्टेशनों को स्थापित करेगी। यहां पर लोग 2.90 रुपये प्रति किलोवाट की दर से स्लो और 9.90 रुपये प्रति किलोवाट की दर से फास्ट चार्जिंग करा सकेंगे। चयनित कंपनी वसूले गए यूजर चार्ज में से नगर निगम को प्रति यूनिट एक रुपये देगी।
बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए शासन का सबसे अधिक जोर है। वर्तमान में शहर में 4.5 प्रतिशत इलेक्ट्रिक वाहन हैं। इसे बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में 10 प्रतिशत तक करना है।
ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने वाले स्थान
चयनित कंपनी बेगमपुल दयानंद नर्सिंग होम के सामने, मेरठ कालेज के मुख्य गेट के दोनों तरफ, पूर्वी कचहरी गेट के सामने पेट्रोल पंप के पास, यूनियन बैंक के सामने राजकीय इंटर कालेज की दीवार के पास, शास्त्री नगर पीवीएस रोड कांशीराम पार्क के सामने ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी।
इसके अलावा कृष्णा प्लाजा तेजगढ़ी चौराहे के पास, गढ़ रोड बीएसएनएल आफिस के पास, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय गेट के सामने, मंगलपांडे नगर अमृत पार्क के पास, सेंट्रल मार्केट पार्किंग स्थल और गढ़ रोड स्थित नगर निगम नवीन कार्यालय के बाहर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे।
आगामी सोमवार से शुरू होगा काम
इन स्थानों पर नगर निगम ने आवश्यकतानुसार 50 से 150 वर्गमीटर तक की जमीन मुहैया कराई है। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने कहा कि अनुबंध के अनुसार चयनित कंपनी स्वयं के खर्च पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी।
आगामी सोमवार से यह काम शुरू हो जाएगा। दिसंबर तक सभी चार्जिंग प्वांइट शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है। चयनित कंपनी ने कार्य शुरू करने से पहले सर्वे भी कर लिया है। योजना का मुख्य उद्देश्य शहर में प्रदूषण को नियंत्रित करना और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।