दहेज में थी कार की मांग! लड़की वालों ने गोद में 'खिलौना थार' रख तोड़ दिया रिश्ता... 10 घंटे तक बंधक भी बनाए रखा
मेरठ में दहेज में कार मांगने पर लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। लड़के के पिता को 10 घंटे तक बंधक बनाकर गोद में 'खिलौना थार' रख दी और 1.70 लाख में समझौता हुआ।

शमशेर के घर के बाहर खड़े लोग। जागरण
HighLights
दहेज में कार मांगने पर लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ा।
लड़के के पिता को 10 घंटे तक बंधक बनाया गया।
गोद में 'खिलौना थार' रखकर रिश्ता समाप्त किया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। परतापुर के गांव सोलाना में दो पुत्रों का लाल खत लेकर गए पिता व रिश्तेदारों को लड़की पक्ष ने बंधक बना लिया l आरोप है कि लड़के पक्ष ने दहेज में कार की मांग की। कार की मांग करने पर लड़की पक्ष ने लड़के के पिता की गोद में खिलौना थार रखकर रिश्ता तोड़ दिया l 10 घंटे तक लड़के पक्ष को बंधक बनाने के बाद 1.70 लाख रुपये में समझौता होने पर उन्हें बंधनमुक्त किया गया।
भावनपुर के गांव ज्ञानपुर निवासी शमशेर के बेटे महताब व जैद का रिश्ता सोलाना निवासी बब्बर की बेटियों से तय किया था। शनिवार सुबह, शमशेर अपने बेटों की चिट्ठी लाल खत लेकर लड़की वालों के घर सोलाना पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने दहेज में थार गाड़ी की मांग कर दी। इस मांग से नाराज लड़की पक्ष ने शमशेर और उनके साथ आए लोगों को 10 घंटे तक घर में बंधक बनाए रखा। अंत में उन्हें असली थार के बजाय एक खिलौना थार थमा दी गई और रिश्ता समाप्त कर दिया गया।
आरोप है कि शमशेर शादी में गाड़ी की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद बब्बर ने उन्हें 'लालखत' की रस्म के लिए अपने घर बुलाया। मुस्लिम समुदाय में शादी से पहले लाल खत की रस्म निभाई जाती है, जिसमें दुल्हन पक्ष दूल्हा पक्ष को शादी की तारीख, समय और अन्य विवरणों के साथ एक निमंत्रण पत्र देता है। इस रस्म के लिए शमशेर को बुलाया गया था, जहां उन्हें दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक बंधक बनाए रखा l
शमशेर की गोद में खिलौना थार रखकर वीडियो भी इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है l वहीं शमशेर का कहना है कि उन्होंने दहेज में कोई मांग नहीं की है l लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने खुद ही कार की मांग करने का आरोप लगाते हुए विवाद खड़ा किया l शमशेर का कहना है कि 1.70 लाख रूपये में उनका समझौता हुआ है l वह इस सम्बन्ध में कोई कार्रवाई नहीं चहाते हैं।