खरीददारी करने मेरठ आ रहे हैं तो जान लें! गुरुवार सुबह सात से इन बाजारों में प्रवेश नहीं कर पाएंगे चौपहिया वाहन
धनतेरस और दीपावली त्योहारों के मद्देनजर मेरठ में 5 से 11 नवंबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ...और पढ़ें

बाउंड्री रोड टेलीफोन एक्सचेंज के सामने लगा जाम। जागरण
HighLights
धनतेरस-दीपावली के लिए मेरठ में यातायात व्यवस्था बदली।
बाजारों में चौपहिया वाहन, ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित।
भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। धनतेरस व दीपावली पर खरीददारी के लिए आप घर से निकले है तो पहले यह तय कर लीजिए कि घर से बाजार तक आने-जाने को आपको कौन सा मार्ग व वाहन प्रयोग करना है। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा व भैया दूज पर बाजारों व सड़कों पर भीड़ व वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात पुलिस ने यातायात संचालन की नई व्यवस्था लागू की है।
5 नवंबर यानि गुरुवार ( आज ) सुबह सात बजे से इसे लागू कर दिया गया है। 11 नवंबर रात दो बजे तक यह व्यवस्था नियमित रूप से जारी रहेगी। इस दौरान चौपहिया वाहन व ई-रिक्शा को बाजार में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। बाजार से दूर बैरिकेडिंग की गई है। जहां उसे रोक दिया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न जनपदों से आने वाले भारी वाहन व रोडवेज बसों के शहर में आने-जाने का भी रूट निर्धारित किया गया है।
अब केवल इन मार्ग से ही भारी वाहनों का आवागमन होगा। बेगमपुल से हापुड रोड़ पर तथा आबूलेन मार्केट में दीपावली मेले के आयोजन व लाइटिंग व्यवस्था के कारण भारी वाहनों का प्रवेश ( नो-एंट्री ) यहां 24 घंटे लागू रहेगी। ऐसे में यदि आप खरीददारी को बाजार आ रहे है तो वाहन, पार्किंग व रूट का चयन पहले कर लें। सुबह से ही सभी स्थानों व मार्ग पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और रूट डायवर्जन को सख्ती से लागू किया जाएगा।
शहर में इन बाजार व क्षेत्रों में नहीं जा पाएंगे चौपहिया वाहन व ई-रिक्शा
- आबूलेन व सदर बाजार में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित रहेगा। बेगमपुल, हनुमान चौक, सदर थाना चौराहा से आगे ऐसे वाहनों का प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा।
- को-आपरेटिव चौराहा से पीएलशर्मा रोड होकर बेगमपुल की ओर चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में जीरो माइल व कचहरी के पास ही वाहन पार्क करने पड़ेंगे।
- खैरनगर चौराहे से खैरनगर मार्केट व वैली बाजार चौराहे की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन रहेगा बंद। वाहन आपको इससे पहले ही कही खड़ा करना होगा। यहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।
- घंटाघर से वैली बाजार चौराहे की ओर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध। यहां घंटाघर पर निगम पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे।
- ब्रह्मपुरी चौराहा, प्याऊ चौराहा, शिवचौक पत्थरवालान से कबाड़ी बाजार, वैली बाजार व सर्राफा मार्केट की ओर नहीं जा पाएंगे वाहन। यहां भी वाहन पार्किंग नहीं है। ऐसे में सड़क किनारे ही वाहन खड़ा करना मजबूरी है।
- शहर कोतवाली की ओर से सर्राफा मार्केट की ओर भी नहीं जा पाएंगे चार पहिया वाहन। यहां भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से आपको वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
मुजफ्फरनगर, बिजनौर से भैंसाली बस स्टैंड आने को इस मार्ग का करें प्रयोग
मुजफ्फरनगर, हरिद्वार तथा बिजनौर की ओर से आने वाली रोडवेज बस जादूगर चौराहे से रजबन बाजार, नैनसी चौराहा, औघड़नाथ मंदिर, बालाजी मंदिर मोड से दांयी ओर मुड़कर एसडी सदर स्कूल के सामने से बांयी ओर मुडकर थाना सदर होते हुए भैंसाली रोडवेज बस स्टैंड पर आ सकेंगी।
इसके अलावा इस मार्ग से आने वाली रोडवेज बस औघडनाथ मंदिर से आगे मूक बधिर स्कूल रोड पर बाये मुड़कर मेरठ गर्ल्स पब्लिक स्कूल के पीछे होकर गुरू तेगबहादुर स्कूल से दांयी ओर मुडकर जली कोठी चौराहे से भी भैंसाली बस स्टैंड पर आ सकती है। जीरोमाइल चौराहे से बेगमपुल, भैंसाली बस स्टैंड व हापुड रोड पर सभी प्रकार के भारी वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगें।
दिल्ली गाजियाबाद से भैसाली बस स्टैंड आने के लिए इस मार्ग का करें प्रयोग
दिल्ली-गाजियाबाद से भैंसाली बस स्टैंड आने वाली रोडवेज बस परतापुर इंटरचेंज से एनएच-58 से रोहटा फ्लाईओवर के नीचे से दाहिने मुड़कर रोहटा रोड से रेलवे फ्लाईओवर के ऊपर से डिपो फाटक होते हुए मूक बधिर स्कूल रोड़ पर बांये मुड़कर मेरठ गर्ल्स पब्लिक स्कूल के पीछे होकर गुरु तेग बहादुर, जली कोठी से भैंसाली बस स्टैंड आ सकेंगी।
सोहराब गेट बस स्टैंड से इस मार्ग से भैंसाली बस स्टैंड आ पाएंगी रोडवेज बस
सोहराबगेट बस स्टैंड से चलने वाली रोडवेज बस जिन्हें भैंसाली बस स्टैंड जाना है, वह गांधी आश्रम चौराहे से हंस चौराहे की ओर डायवर्ट की गई है। यह सीताराम पुलिया होकर सर्किट हाउस से दांयी ओर मुड़कर साकेत चौराहा ( कमिश्नर आवास ) से बाउंड्री रोड होकर जीरोमाइल चौराहे से रजबन बाजार, नैनसी चौराहा, औघड़नाथ मंदिर, बालाजी मंदिर मोड से दांयी ओर मुड़कर एसडी सदर स्कूल के सामने से बांयी ओर मुड़कर थाना सदर होते हुए भैंसाली रोडवेज बस स्टैंड आ सकेंगी। इसके अलावा औघड़नाथ मंदिर से आगे मूक बधिर स्कूल रोड पर बांये मुड़कर मेरठ गर्ल्स पब्लिक स्कूल के पीछे होकर गुरु तेगबहादुर स्कूल से दांयी ओर मुड़कर जली कोठी चौराहे से भैंसाली बस स्टैंड आ सकेंगी।
भारी वाहनों का रात में ऐसे होगा संचालन
- मुजफ्फरनगर- रूड़की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें गढ़, मुरादाबाद व हापुड़ की ओर जाना है, वह जीरोमाइल चौराहे से कमिश्नर आवास, जेल चुंगी, यूनिवर्सिटी रोड, तेजगढ़ी से अपने गंतव्य जा सकेगें।
- गढ़-मुरादाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें मुजफ्फरनगर, शामली व बागपत की ओर जाना है, वह तेजगढ़ी चौराहे से जेलचुंगी, कमिश्नर आवास व जीरोमाइल होकर मुजफ्फरनगर, शामली की ओर जा सकेंगे तथा बागपत की ओर जाने के लिए एल-ब्लाक से बिजली बंबा बाइपास होकर जा सकेंगे।
- एल-ब्लाक तिराहे से हापुड़ स्टैंड की ओर सभी प्रकार के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ऐसे वाहन तेजगढ़ी, सीसीएसयू यूनिवर्सिटी, जेल चुंगी मार्ग से होकर अपने गंतव्य जा सकेंगे।
- बागपत की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें गढ़, मुरादाबाद व हापुड़ की ओर जाना है, ऐसे भारी वाहन फुटबाल चौक से दैनिक जागरण तिराहे की ओर से बिजली बंबा बाइपास होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- बेगमपुल चौराहे से आकाश गंगा साड़ी सेंटर तक दीपावली मेला व लाइटिंग व्यवस्था के कारण बेगमपुल से खूनी पुल राजकीय इंटर कालेज, भैंसाली अड्डे से बेगमपुल तक सभी प्रकार के भारी वाहन ( रोडवेज व सिटी बस सहित ) का आवागमन दिन-रात बंद रहेगा।
रूट डायवर्जन को पूरी तरह सख्ती से लागू किया जाएगा
रूट डायवर्जन को पूरी तरह सख्ती से लागू किया जाएगा। निर्धारित पाइंट पर यातायात पुलिसकर्मियों को समय पर ड्यूटी पर तैनात रहने का आदेश दिया गया है। सभी यातायात निरीक्षक सहायक यातायात निरीक्षक इसकी निगरानी करेंगे। हर चौराहे व शहर में व्यवस्था बनाई गई है। कोशिश की गई है कि लोगों को दिक्कत न हो।
राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी यातायात
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।