उधम और इनामउल्लाह पर 25-25 हजार के इनाम की संस्तुति, बद्दो के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस की तैयारी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित अपराधी उधम सिंह और इनामउल्लाह पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की संस्तुति की गई ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
उधम सिंह और इनामउल्लाह पर 25-25 हजार का इनाम।
बदन सिंह बद्दो के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस की तैयारी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपराध की दुनिया में लंबे समय तक चर्चित रहे पांच लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो और माफिया उधम सिंह को लेकर सुरक्षा एजेंसी अलर्ट हो गई है। उधम सिंह और उसके शूटर इनामउल्लाह पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की संस्तुति की गई है, जबकि बद्दो के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी करने की तैयारी है। आठ साल पहले पुलिस कस्टडी से फरार हुआ बद्दो अब तक नहीं पकड़ा गया है। कुछ दिन पहले उसने अमेरिका में रहने वाले एक एनआरआइ को फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। साथ ही उसे धमकी दी है कि भारत आने पर उसकी हत्या कर दी जाएगी।
सरूरपुर के करनावल निवासी उधम सिंह के शूटर इनामउल्लाह पर रियल एस्टेट कारोबारी अंकुर शर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। पल्लवपुरम के विवेक विहार निवासी अंकुर एसआर डेवलपर्स में साझेदार हैं। अंकुर के मुताबिक, सात सितंबर को आबूलेन स्थित पल्स जिम से निकलकर जली कोठी जाते समय दो गाड़ियों ने अशोक की लाट के पास उसकी कार को घेर लिया।
इनामउल्लाह ने पिस्टल दिखाकर 50 लाख रुपये देने की धमकी दी। उसने वहां से निकलने का प्रयास किया तो कार की तरफ फायरिंग भी की गई। इसके बाद एक नवंबर की रात बाइक सवार दो युवक उनके कार्यालय पर लिफाफा देकर चले गए। लिफाफे में कारतूस और धमकी भरा पत्र मिला। पुलिस ने बिल्डर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। उधर, बदन सिंह बद्दो पर अमेरिका के मैसाचुसेट्स में रहने वाले कमल जीत सिंह को फोन कर धमकाने का आरोप है।
10 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे कमलजीत के मोबाइल पर काल आई। काल करने वाले ने खुद को बदन सिंह बद्दो बताया। कमल जीत का दावा है कि वह बद्दो को बचपन से जानते हैं और उसकी आवाज पहचानते हैं। उनके मकान के केयर टेकर सोहन सिंह को एक करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया गया। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि उधम और इनामउल्लाह पर इनाम की संस्तुति की है। बद्दो के खिलाफ भी जल्द ही रेड कार्नर नोटिस जारी करने की तैयारी है।