Meerut Coronavirus News: मेरठ में 1480 मरीज तो आसपास के जिलों में दो हजार से अधिक लोग संक्रमित, 45 से ज्यादा की मौत
सहारनपुर में 647 संक्रमित मिले व 17 की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में 848 संक्रमित मिले। बुलंदशहर में 251 संक्रमित मिले व आठ की मौत। बिजनौर में 363 संक्रमित मिले। बागपत में 230 संक्रमित व पांच की मौत। शामली में 278 संक्रमित हुए।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना संक्रमण घातक रूप से बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 8839 सैंपलों की जांच में 1480 में वायरस की पुष्टि की गई। मेरठ जिले के 15 से ज्यादा कोरोना मरीजों की जान चली गई है। उधर, मेडिकल कालेज में 13 मरीजों की मौत हुई है। सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि संक्रमण की दर 16.73 फीसद मिली है। 1226 मरीजों को भर्ती कराया गया है। रिकार्ड 1555 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। होम आइसोलेशन में 5574 मरीजों का इलाज हो रहा है, जबकि 13240 एक्टिव मरीज हैं। उधर, मेडिकल कालेज के कर्मचारियों के अनुसार कोविड वार्ड में 20 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में कई ने दम तोड़ा है, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को जारी होगी। उधर, शुक्रवार को 120 केंद्रों पर 16960 के सापेक्ष 3648 को टीका लगा। महज 21.2 फीसद का टीकाकरण हुआ।
कोरोना से 30 की मौत 2617 लोग पाजिटिव
सहारनपुर में 647 संक्रमित मिले व 17 की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में 848 संक्रमित मिले। बुलंदशहर में 251 संक्रमित मिले व आठ की मौत। बिजनौर में 363 संक्रमित मिले। बागपत में 230 संक्रमित व पांच की मौत। शामली में 278 संक्रमित हुए। वहीं मेरठ में 15 से ज्यादा की मौत को लेकर कुल 45 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।
विधायक संगीत सोम की मां न्यूटिमा में भर्ती
विधायक संगीत सोम की मां की रिपोर्ट 20 अप्रैल को पाजिटिव आई थी। इस पर उन्हें होम आइसोलेट किया गया था। गुरुवार को हालत बिगड़ने पर उन्हें आर्यवर्त अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से शुक्रवार को न्यूटिमा अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। विधायक प्रतिनिधि शेखर ने बताया कि विधायक संगीत सोम की मां शीला देवी अपने छोटे बेटे गगन सोम के पास खतौली रहती हैं।
कोविड संक्रमित दो पूर्व खिलाड़ी नहीं रहे
कोविड के कारण इस सप्ताह हाकी खिलाड़ी व कोच वीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ कोच व स्केटिंग के खिलाड़ी रहे अनीस भारती के बाद शुक्रवार को दो और पूर्व खिलाड़ी कोविड के चलते दुनिया छोड़ गए। नोएडा निवासी लंबी दौड़ के धावक व रेलवे एथलीट रहे दानवीर की कोविड से मृत्यु हो गई। 10 हजार मीटर आल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का उनका रिकार्ड 25 सालों तक कायम रहा था। इनके अलावा बेहतरीन पहलवान रहे र¨वद्र पहलवान का भी शुक्रवार को निधन हो गया।
सहायक अभियंता की पत्नी की मौत
नगर निगम में जलकल अनुभाग में तैनात सहायक अभियंता अशोक कुमार की पत्नी का कोरोना संक्रमण के चलते शुक्रवार को निधन हो गया। वह कई दिनों से मेडिकल कालेज में भर्ती थीं। आक्सीजन लेवल कम होने पर उन्हें चिकित्सक वेंटीलेटर पर ले गए थे। लेकिन कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं। नगर आयुक्त मनीष बंसल, अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन समेत नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
एसपी सिटी की ताई की कोरोना से मौत: एसपी सिटी विनीत भटनागर की ताई उषा भटनागर की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। तीन दिन पहले आनंद अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। बता दें कि एसपी सिटी विनीत भटनागर और उनकी पत्नी भी कोरोना संक्रमित हैं।