150 साल पुरानी मैगजीन में 134 साल पुराने मेरठ कॉलेज का डंका, 383 प्रजातियों वाली बगिया ने पाया ‘इंडियन फॉरेस्टर’ में स्थान
मेरठ कॉलेज परिसर में डॉ. अमित तोमर के शोध में 383 पादप प्रजातियों की पहचान की गई है, जिनमें देशी, सजावटी और औषधीय पौधे शामिल हैं। यह शोध 'इंडियन फॉरेस्टर' पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।

मेरठ काॅलेज परिसर में लगे फ्लास सिल्क ट्री, रुद्राक्ष के पेड़ और डाॅ. अमित तोमर।
HighLights
परिसर में विभिन्न प्रजातियों की हरियाली का शोध विश्व प्रसिद्ध पत्रिका ‘इंडियन फाॅरेस्टर’ में प्रकाशित।
काॅलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. अमित तोमर ने किया है यह शोध।
राजेंद्र शर्मा, मेरठ। मेरठ कॉलेज की स्थापना वर्ष 1892 में हुई थी। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह सहित अनेक विभूतियां यहां की छात्र रही हैं। यहां के विशाल परिसर में करीब 383 प्रजातियों के पेड़-पौधों का बहुमूल्य हरा खजाना छिपा है। इनमें शामिल देशी, सजावटी और औषधीय प्रजातियों के पेड़-पौधे परिसर की जैव-विविधता को समृद्ध कर रहे हैं।
परिसर की हरियाली पर किए गए शोध ने व्यापक स्तर पर पहचान बनाई है। काॅलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. अमित तोमर के शोध में निष्कर्ष निकला है कि परिसर सिर्फ पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि 383 पादप प्रजातियों का जीवंत संग्रहालय भी है।
इस शोध पत्र का प्रकाशन वानिकी पत्रिका ‘इंडियन फारेस्टर’ में हुआ है। यह न केवल भारत की सबसे पुरानी वानिकी पत्रिका है, बल्कि दुनिया के सबसे प्राचीन और विश्वसनीय शोध जर्नल्स में से एक है।
अपने 150 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में इस पत्रिका ने वनों के संरक्षण, दुर्लभ वनस्पतियों की खोज और पर्यावरण से जुड़े अनगिनत शोधों को वैश्विक मंच प्रदान किया है। शोध पत्र का नाम है-‘द फ्लोरा आफ मेरठ कालेज कैंपस।’ शोध में मेरठ काॅलेज परिसर में मौजूद 90 कुलों और 296 वंशों से संबंधित 383 पादप प्रजातियों का वैज्ञानिक विवरण दर्ज है।
सर्वाधिक 32 प्रजातियां एस्टरेसी कुल की हैं। शोध में पौधों की प्रकृति के साथ-साथ उनके फूलने-फलने के समय का भी गहन विश्लेषण किया है। डा. अमित तोमर का कहना है कि यह शोध भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, विद्यार्थियों के पादप वर्गीकरण अध्ययन और शहरी जैव विविधता को समझने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
औषधीय प्रजातियों का विविध मिश्रिण
कालेज परिसर की वनस्पतियों में देशी, सजावटी और औषधीय प्रजातियों का विविध मिश्रण है, जिसमें सैकड़ों संवहनी पौधे शामिल हैं। जैसे पेड़, झाड़ियां, शाक और जड़ी-बूटियां, जो पारिस्थितिक और सौंदर्य मूल्य बढ़ाते हैं।
द्विबीजपत्री पौधों की उच्च संख्या के साथ-साथ एकबीजपत्री पौधे, नग्नबीजी और कम संख्या में टेरिडोफाइट्स शामिल हैं। सामान्य प्रजातियों के वृक्षों में नीम, एल्स्टोनिया, अशोक, आम, जामुन, गुलमोहर, शहतूत, आंवला, कचनार, बेलपत्र, सागवान, इमली व सीमल जबकि छायादार वृक्षों में अमलतास, ओक, सिरस, अर्जुन, बकायन, मौलसिरी, पापड़ी, कनक चंपा, शीशम व लसोड़ा समेत अन्य हैं।
सजावटी, फलदार व औषधीय पौधे
सजावटी पौधों में रेशमी वृक्ष, राजसी ताड़, मंदार, गुड़हल, डोम्बिया, बोतल ब्रश, पीलिया, चांदनी, कनेर, सफेद चंपा, पीली कनेर, कैलियांड्रा, फलदार में लीची, अमरूद, लोकाट, आड़ू, अनार, कटहल, शरीफा व अंजीर, औषधीय पौधों में हरसिंगार, सहजन, रुद्राक्ष, महुआ, अश्वगंधा, शंखपुष्पी, काला बांसा, वासा, नींबू घास, घृतकुमारी, शतावरी, गिलोय समेत अन्य हैं।
डाॅ. तोमर के अनुसार मौसमी भिन्नता में वनस्पति विविधता अक्सर वर्षा ऋतु के बाद चरम पर होती है, जिसमें शाकीय प्रजातियों की उच्च विविधता होती है। गर्मी के महीनों में विविधता कम हो जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।