विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम ग्रिड योजना मेरठ: दृष्टिबाधितों को रास्ता दिखाएगा गाइडेड पाथ-वे, बनाई जा रही विशेष टैक्टाइल पगडंडियां

Published: Sun, 27 Sep 2026 05:29 PM (IST)

मेरठ में सीएम ग्रिड योजना के तहत आठ प्रमुख सड़कों पर दृष्टिबाधितों के लिए विशेष टैक्टाइल पगडंडियां बनाई जा रही हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सीएम ग्रिड योजना में 8 प्रमुख सड़कों पर काम जारी।

  2. दृष्टिबाधितों के लिए 40 किमी विशेष टैक्टाइल पगडंडियां बनेंगी।

  3. दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता और स्वतंत्रता से चलने में मिलेगी मदद।

जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर एक ऐसे मानवीय बदलाव का गवाह बनने जा रहा है, जो समाज के हर वर्ग की जिंदगी को सुगम और आसान बना देगा। अब शहर की सड़कें महज गाड़ियों के दौड़ने का कंक्रीट मार्ग नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आत्मनिर्भरता का जीवंत प्रतीक बनने जा रही हैं। 'सीएम ग्रिड योजना' के तहत शहर की आठ प्रमुख सड़कों के कायाकल्प का काम जारी है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत नगर निगम द्वारा ऐसे उन्नत और आधुनिक फुटपाथों का निर्माण किया जा रहा है, जो न केवल सामान्य पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुगम रास्ता प्रदान करेंगे, बल्कि इनकी विशेष पगडंडियां (टेक्टाइल पाथवे) दृष्टिबाधितों के लिए एक मजबूत मार्गदर्शक का काम करेंगी।

यह संवेदनशील पहल दृष्टिबाधित नागरिकों को बिना किसी की मदद के स्वतंत्र रूप से चलने और अपनी मंजिल तक पहुंचने का आत्मविश्वास देकर आत्मनिर्भरता की एक नई और प्रेरणादायक राह प्रशस्त करेगी।

मुख्य तथ्य-

  • 12 प्रमुख सड़कें शामिल हैं सीएम ग्रिड योजना में।
  • 8 प्रमुख सड़कों का चल रहा निर्माण कार्य।
  • 40 किमी कुल बनेगी विशेष पगडंडी।
  • 390 करोड़ रुपये लागत है कुल सड़कों की।

गांधी आश्रम से तेजगढ़ी चौराहा, बच्चा पार्क से कचहरी होते हुए कमिश्नरी चौराहा, गढ़ रोड से हापुड़ रोड तक रंगोली मंडप रोड, कमिश्नरी आवास चौराहे से सर्किट हाउस, शारदा रोड सहित आठ सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। पैदल यात्रियों और दिव्यांगजनों को सुरक्षित चलने के अधिकार को लेकर सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में पहली बार फुटपाथ पर विशेष टैक्टाइल पगडंडी (गाइडेड पाथ-वे) बिछाई जा रही है।

सतह पर बनी ये पीले रंग की उभरी हुई लाइनें और खास टेक्सचर (बनावट) दृष्टिबाधितों के लिए एक मार्गदर्शक की तरह काम करेंगी। छड़ी की हल्की सी छुअन से उन्हें तुरंत पता चल जाएगा कि रास्ता सीधा है, कहां मोड़ है या आगे कोई रुकावट तो नहीं है। इन फुटपाथों पर चलने वाले हर दृष्टिबाधित के लिए अब किसी का हाथ पकड़ना मजबूरी नहीं होगी।

इनका कहना है...

अब समाज के हर वर्ग की सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। दिव्यांगजनों के लिए रैंप और अब शहर के मुख्य मार्गों के फुटपाथ पर मिलने जा रही गाइडेड पाथ-वे की सुविधा दृष्टिबाधितों का आत्मविश्वास बढ़ाएगी।।

-डाॅ. आलोक कुमार हड्डी रोग विशेषज्ञ व सदस्य, बृज मोहन ब्लाइंड स्कूल मेरठ

सीएम ग्रिड के तहत सभी सड़कों के फुटपाथ में दृष्टबाधित लोगों के लिए विशेष पगडंडी बनाना अनिवार्य किया गया है। पैदल चलने वालों के साथ दृष्टि बाधित दिव्यांगजन को सुरक्षित चलने का मार्ग प्रशस्त होगा।

-प्रमोद कुमार सिंह, मुख्य अभियंता नगर निगम

यह भी पढ़ें- मेरठ में सेंसर पेवर मशीन से बनेंगी सीएम ग्रिड योजना की सड़कें, गुणवत्ता और मोटाई की होगी सटीक निगरानी