आस्था, संस्कार व जीवन मूल्यों को पर्दे पर उकेर रही भव्य-दिव्य रामायण... मेरठ के सिनेमाघरों में गूंज रहा 'जय श्रीराम'
नमित मल्होत्रा की नई 'रामायण' फिल्म मेरठ के सिनेमाघरों में धूम मचा रही है, जहाँ दर्शक 'जय श्रीराम' के उद्घोष ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
नमित मल्होत्रा की 'रामायण' फिल्म को दर्शकों का अपार प्यार।
मेरठ के सिनेमाघरों में 'जय श्रीराम' के उद्घोष के साथ धूम।
अरुण गोविल दशरथ की भूमिका में, दर्शकों को खूब भा रहे।
जागरण संवाददाता, मेरठ। रामायण पीढ़ियों से भारतीय जनमानस की आस्था, संस्कार व जीवन मूल्यों का हिस्सा रही है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवनकाल पर बनाई गई नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण’ को दर्शकों का अपार प्यार मिल रहा है।
रामानंद सागर की ऐतिहासिक 'रामायण' से श्रीराम की दिव्य छवि मन में बसाकर बड़े हुए दर्शक अब विभिन्न फिल्मों व धारावाहिकों के दौर से गुजरते हुए नवीन तकनीक और भव्य दृश्यों से सजी नमित मल्होत्रा की नई 'रामायण' देखने के लिए सिनेमाघरों में उमड़ रहे हैं। सिनेमाघरों में जय श्रीराम का उद्घोष गूंज रहा है। इस फिल्म के प्रति दर्शकों के प्रेम व ललक के कारण सभी सिनेमा हाल में पर्दे रामायण के नाम हो गए हैं। इस सप्ताह पूरी तरह इसी पौराणिक महागाथा का दबदबा रहने वाला है। सिनेमा हाल में शो की संख्या भी बढ़ा दी है।
मेरठ में टू-डी से अधिक मांग थ्री-डी की है, इसलिए थ्री-डी के शो अधिक रखे गए हैं। दिल्ली रोड पर शाप्रिक्स माल स्थित वेव सिनेमा के प्रबंधक संजीव ने बताया कि यहां अब रामायण ही अकेली फिल्म है। 12 शो दिखाए जा रहे हैं। सभी शो 80 प्रतिशत से अधिक फुल हैं। तीन आडी हैं, जिसमें से दो में थ्रीडी और दो में टूडी फिल्में लगी हैं। यही स्थिति अन्य सिनेमा हाल की भी है।
रामायण फिल्म : कहां कितने शो
वेव सिनेमा (शाप्रिक्स माल दिल्ली रोड) - 8 से 12 शो
आइनोक्स सिनेमा (पीवीएस माल, शास्त्रीनगर)- 8 शो
एनवाय सिनेमा (बुढ़ाना गेट) - 8 शो
रैपिड सिनेमा (पल्लवपुरम) - 11 शो
भव्य है यह रामायण
रामायण में अपने अरुण गोविल तो दशरथ बने हैं पीढ़ियां बदलीं और उम्र का पड़ाव भी लेकिन निर्माताओं का प्यार अरुण गोविल को मिला। रामानंद सागर की रामायण में श्रीराम की भूमिका से लोकप्रिय हुए अरुण गोविल इस रामायण में दशरथ की भूमिका में हैं। मेरठ में जन्मे अरुण गोविल वर्तमान में सांसद भी हैं, इसलिए दर्शकों ने उन्हें देखकर आपस में संवाद किया कि, ये तो वही सांसद अरुण गोविल हैं जो श्रीराम बने थे। किसी ने परिवार से आए बच्चों को बताया तो किसी ने पड़ोसी दर्शकों की जिज्ञासा का समाधान किया।
प्रस्तुत है दर्शकों से बातचीत के प्रमुख अंश...।
अलग अनुभव मिलता है : फिल्म अच्छी लगी। इसके इफेक्ट्स दमदार थे। मैंने कोरोना काल में रामानंद सागर की रामायण देखी थी, इसमें उससे अलग अनुभव मिलता है। नवीन तकनीक के कारण युवाओं को पसंद आ रही है। शिवानी, दर्शक
भव्यता और प्रस्तुत करने का तरीका दर्शकों को खींच रहा है : इसकी भव्यता और प्रस्तुत करने का तरीका दर्शकों को खींच रहा है। रामायण से तो प्रेम और लगाव हमेशा ही रहेगा। जब कुछ नयापन होता है तो उसे देखने की जिज्ञासा अवश्य रहती है। -हिमांशु त्यागी, दर्शक
काफी जानकारी मिली फिल्म देखकर : मुझे इसमें रावण, जटायु और हनुमान बहुत पसंद आए। काफी जानकारी मिली फिल्म देखकर। मैंने बहुत से वीडियो पहले भी देखे थे। इस फिल्म में हनुमान जी की बात कुछ अलग है। -आर्यन चौहान, बाल दर्शक
बेहतरीन फिल्म है, मुझे अच्छी लगी : बेहतरीन फिल्म है, मुझे अच्छी लगी। वैसे तो रामायण कई बार देखी है लेकिन इसका अनुभव कुछ अलग था। जैसा सुना था कि इसमें नई तकनीक है, वैसा ही अनुभव हुआ। फिल्म देखने के जुनून के बजाय इस फिल्म को मैंने श्रीराम के प्रति आस्था के कारण देखा। -अरुणा, दर्शक
फिल्म की सफलता पर प्रसन्न है हृदय
फिल्म की सफलता पर प्रसन्न है हृदय, मिल रही प्रशंसा फिल्म की जबरदस्त सफलता से हृदय प्रसन्न है। यदि धर्म एवं आस्था को दूर रखते हुए सिर्फ फिल्म की दृष्टि से देखेंगे तब भी यह फिल्म बहुत अच्छी है। सिने प्रेमियों को इसे अवश्य देखना चाहिए। इसमें मेरे अभिनय की भी दर्शक प्रशंसा कर रहे हैं। काफी लोग फोन कर रहे हैं। मेरठ के लोगों का पहले भी भरपूर प्यार मिला था और अब फिर मिल रहा है। मैं भी परिवार व मित्रों के साथ सोमवार को फिल्म देखूंगा।-अरुण गोविल, सांसद व अभिनेता
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।