विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिदानियों का शौर्य बनेगा जेन-जी की प्रेरणा, सेना दिखाएगी परमवीर चक्र विजेताओं की वीरगाथा

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 13 Nov 2026 06:43 PM (IST)

भारतीय सेना मेरठ में एक मेगा वेटरंस रैली आयोजित कर रही है। इसमें परमवीर चक्र विजेताओं की वीरगाथाएं प्रदर्शित कर नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम और साहस की प्रेरणा दी जाएगी।

मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम जाने वाले मार्गपर सजे सम्मानित वीरों के चित्र। जागरण

मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम जाने वाले मार्गपर सजे सम्मानित वीरों के चित्र। जागरण

HighLights

  1. सेना की मेरठ में वेटरंस रैली... पूर्व सैनिकों का भी कल्याण

  2. परमवीर चक्र विजेताओं की गाथाएं युवाओं को करेंगी प्रेरित

  3. भारतीय सेना में मेरठ का गौरवशाली योगदान प्रदर्शित होगा

जागरण संवाददाता, मेरठ। देश की सरहदों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले रणबांकुरों की शौर्यगाथाएं अब नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाएंगी। भारतीय सेना की ओर से शनिवार को कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाली मेगा वेटरंस रैली में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के साथ ही देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। रैली में परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के चित्र और उनकी गौरवगाथाओं के माध्यम से युवाओं को यह बताने का प्रयास होगा कि देश की आजादी और सुरक्षा की कीमत कितने बलिदानों से चुकाई गई है। इसमें क्रांति के नायकों की भी झलक देखने को मिलेगी।

रैली स्थल पर कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया और ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव जैसे सभी परमवीर चक्र से अलंकृत वीरों की वीरता को प्रदर्शित करने वाले चित्र विशेष आकर्षण होंगे। कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया ने 1961 में कांगो में संयुक्त राष्ट्र अभियान के दौरान अद्वितीय साहस और नेतृत्व का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। कारगिल युद्ध के दौरान टाइगर हिल पर अदम्य पराक्रम दिखाने वाले ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव की वीरता भी देश के सैन्य इतिहास का गौरवशाली अध्याय है।

ग्रेनेडियर आनरेरी कैप्टन योगेंद्र सिंह उन तीन सौभाग्यशाली परमवीर चक्र अलंकृत वीरों में से एक हैं जिन्हें जीतेजी देश का यह सर्वोच्च वीरता सम्मान प्राप्त हुआ हे। आनरेरी कैप्टन बाना सिंह और सूबेदार संजय कुमार को जीतेजी यह सम्मान मिला है। इन वीरों की कहानियां केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज भी युवाओं को कठिन परिस्थितियों में हौसला बनाए रखने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व निभाने की प्रेरणा देती हैं।

भारतीय सेना में मेरठ का योगदान बेहद गौरवशाली रहा है। जिले के सैनिकों को अब तक 17 वीर चक्र, एक अशोक चक्र (मरणोपरांत), चार कीर्ति चक्र, 10 शौर्य चक्र और 70 सेना मेडल प्राप्त हुए हैं। सात उत्तम युद्ध सेवा मेडल, नौ परम विशिष्ट सेवा मेडल, 13 अति विशिष्ट सेवा मेडल और 17 विशिष्ट सेवा मेडल भी हैं।

जिले में कारगिल युद्ध से जुड़ी पांच वीर नारियां और एक वीर माता हैं। द्वितीय विश्व युद्ध के 13 सैनिकों की विधवाएं भी यहां हैं। वर्तमान में जिले के 18,664 भूतपूर्व सैनिकों का डाटा आनलाइन कर लिया गया है। जिले में करीब 30 हजार पूर्व सैनिक रहे हैं। इनके अतिरिक्त 3,359 विधवाओं और 190 वीर नारियों का विवरण भी डिजिटल हो गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।