मेरठ में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच जाम में फंसी एंबुलेंस, अंदर तड़पता रहा गंभीर मरीज
Meerut News: मेरठ के सिवालखास बाइपास पर पुलों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण लगे जाम में एक एंबुलेंस फंस गई, जिससे गंभीर मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई।

HighLights
सिवालखास बाइपास पर जाम का वीडियो वायरल।
गंभीर मरीज को अस्पताल पहुंचने में हुई देरी।
पुलिस ने दो ट्रैक्टर-ट्रालियां सीज कर की कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। जानी थाना क्षेत्र के सिवाल खास में बाइपास रोड पर पूलों से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों के कारण लगे जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। एंबुलेंस में मरीज की हालत गंभीर बताई गई। जाम के चलते एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल सका।
इस कारण मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हुई। इस दौरान एक युवक ने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता उपलब्ध कराने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मंगलवार को इंस्टाग्राम के वीडियो में युवक ने बताया कि सिवालखास बाइपास रोड पर पुलों से लदी कई ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी हैं। इनके बीच एक एंबुलेंस जाम में फंसी हुई है। युवक ने वीडियो में एंबुलेंस के अंदर मौजूद मरीज को भी दिखाया और उसकी हालत गंभीर बताई। ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतार के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
ऐसे में मरीज और उसके स्वजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। युवक ने वीडियो के माध्यम से पुलिस और प्रशासन से जाम की समस्या का समाधान कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दो ट्रैक्टर-ट्रालियां सीज, बाकी पर कार्रवाई नहीं
इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को सीज कर कार्रवाई की। हालांकि, सड़क पर पूलों से लदी अन्य ट्रैक्टर-ट्रालियों की मौजूदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइपास पर भारी वाहनों के खड़े रहने से आए दिन जाम की स्थिति बनती है।
लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है। वहीं, पुलिस का दावा है कि दो ट्रैक्टर-ट्रालियों के कारण ही एंबुलेंस जाम में फंसी थी। फिलहाल पुलिस की कार्यशैली को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं है।
इन्होंने कहा
मामला संज्ञान में है। पूलों से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को सीज कर दिया है। अन्य ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे खड़ी थीं। -अजय दीप, प्रभारी, थाना जानी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।