स्मृति दिवस पर शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान
रिजर्व पुलिस लाइन के शहीद स्मारक पर सोमवार को शहीद स्मृति दिवस मनाया गया। अफसरों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर सलामी दी।
मेरठ, जेएनएन। रिजर्व पुलिस लाइन के शहीद स्मारक पर सोमवार को शहीद स्मृति दिवस मनाया गया। अफसरों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर सलामी दी। उसके बाद शहीदों के परिजनों का सम्मान किया गया।
सोमवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल पर शहीदों को समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी गई। सुबह आठ बजे स्मारक स्थल पर परेड हुई, उसके बाद परेड कमांडर द्वार चार्ज ग्रहण किया गया। कार्यक्रम में कप्तान अजय साहनी, आइजी पीटीएस लक्ष्मी सिंह, आइजी आलोक सिंह व एडीजी प्रशांत कुमार भी शामिल हुए। एडीजी ने एक सितंबर 2018 से 31 अगस्त 2019 तक शहीद हुए यूपी पुलिस के जवानों की विधवाओं को शाल व पांच हजार के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। आइजी ने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों सदैव अपने कर्तव्य के प्रति सजग रहें।
इसलिए मनाया जाता है शहीद स्मृति दिवस :
कप्तान अजय साहनी ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉटस्प्रिंग में समुद्र तल से लगभग 10 हजार फीट ऊंचाई पर चीनी सेना के साथ संघर्ष में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 वीर जवान शहीद हो गए थे। देश के प्रति उनके महान बलिदान को चिरस्थायी बनाते हुए सम्पूर्ण देश में केंद्रीय एवं राज्य पुलिस संगठनों द्वारा 'पुलिस स्मृति दिवस' का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि एक साल में देश के 292, और प्रदेश में पांच पुलिसकर्मी शहीद हुए।
इनके परिजनों का हुआ सम्मान :
निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी सुरेश प्रताप सिंह, आरक्षी बृजपाल सिंह, आरक्षी हरेन्द्र सिंह और आरक्षी हर्ष चौधरी के परिजनों का सम्मान किया। वहीं शहीद हेड कांस्टेबल राजीव कुमार भाटी की पत्नी को एडीजी ने शॉल भेंट किया।