Move to Jagran APP

अवैध हुक्का बार में बजरंग दल कार्यकर्ताओं और युवती को पीटा, हंगामा

जन्मदिन पार्टी में छात्रा से मारपीट की

By JagranEdited By: Sun, 20 May 2018 07:00 AM (IST)
अवैध हुक्का बार में बजरंग दल कार्यकर्ताओं और युवती को पीटा, हंगामा
अवैध हुक्का बार में बजरंग दल कार्यकर्ताओं और युवती को पीटा, हंगामा

जागरण संवाददाता, मेरठ : सदर थाना क्षेत्र के हनुमान चौक स्थित अवैध हुक्का बार के बाउंसरों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं और एक युवती के साथ मारपीट कर दी। घटना के विरोध में कार्यकर्ताओं ने हुक्का बार के बाहर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हुक्का बार संचालक सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं की तहरीर पर पुलिस ने हुक्का बार संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक दिन पहले शुरू हुआ माजरा

शास्त्री नगर निवासी एक युवती का कहना है कि दो साल पहले करन नाम के लड़के से उसकी दोस्ती थी। एक साल पहले उसे पता चला कि लड़के का असली नाम आलम निवासी हापु़ड़ अड्डा है तो उसने उससे किनारा कर लिया। लेकिन युवक उसके पीछे पड़ा हुआ है। शुक्रवार को वह जन्मदिन पार्टी में सहेलियों के साथ हनुमान चौक स्थित सेंट्रल पर्क पब में गई थी। आरोप है कि आलम भी वहां आ धमका और विरोध करने पर युवती से मारपीट कर दी। युवती की तहरीर पर सदर बाजार पुलिस ने आलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

घटना की जानकारी पर बजरंग दल के प्रखंड संयोजक अंकित त्रिपाठी, प्रखंड अध्यक्ष सचिन कंसल और महानगर संयोजक मनीष लोइया कार्यकर्ताओं और युवती को लेकर पब में पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मागी। आरोप है कि पब मालिक के इशारे पर बाउंसरों ने कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए पब के बाहर जाम लगा दिया। हंगामा देख हुक्के समेटे, वीडियो वायरल

हंगामे के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही पब के कर्मचारियों ने हुक्के समेटने शुरू कर दिए, लेकिन बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने वीडियो बना ली। पुलिस का कहना है कि पब में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। हुक्के समेटने की वीडियो देर शाम तक वायरल हो गई।

इनका कहना--

तंबाकू हो या न हो, किसी भी तरह का हुक्का बार शहर में नहीं चलने दिया जाएगा। युवती से मारपीट करने वाले युवक की तलाश की जा रही है।

- कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी बजरंग दल कार्यकर्ताओं की तहरीर पर पब संचालक शिवम कपूर, प्रियांशु गुप्ता और करण बतेजा के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जमानती धाराएं होने के कारण गिरफ्तारी नहीं की गई है।

-प्रशांत कपिल, सदर बाजार थाना प्रभारी कलर इनसेट में लें

पुलिस की मेहरबानी से गुलजार हुक्का बार

शहर में अपराध के साथ-साथ नशे का गंदा धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। नशे के रोजाना नए ठिकाने बन रहे हैं। ये हुक्का बार अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं, लेकिन पुलिस की मेहरबानी है कि कार्रवाई के नाम पर इक्का-दुक्का छापा मारकर औपचारिकता निभा दी जाती है। सूत्रों की मानें तो हुक्का बार में नए-नए फ्लेवर के साथ हुक्का गुड़गुड़ाने के अलावा अन्य प्रतिबंधित नशीले पदाथरें का सेवन किया जाता है। कई युवा हुक्का बारों में लड़कियों के साथ भी पहुंचते हैं। पूर्व एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने कई बार सेंट्रल पर्क पब पर छापामारी की, लेकिन पुलिस की मुखबिरी और सेटिंग ने हर बार खेल बिगाड़ दिया। हालांकि, कुछ पब में पकड़े गए हुक्कों ने पोल खोलकर रख दी। कुछ दिन प्रतिबंध दिखा, लेकिन ये हुक्का बार फिर से गुलजार हो गए। लोगों की मानें तो क्षेत्र में कई रेस्टोरेंट और पब की आड़ में हुक्का बार चल रहे हैं।