बागपत में निर्माणधीन पुल स्थल से सरिया चोरी को लेकर मारपीट में कई घायल Baghpat News
बागपत में औद्योगिक पुलिस चौकी के पास निर्माणधीन पुल स्थल से सरिया चोरी को लेकर मजदूरों और कांशीराम कालोनी में रहने वाले 20 से ज्यादा लोगों में मारपीट की गई। पुलिस तक मामला पहुंचने के बाद जांच शुरू हो गई है।
बागपत, जेएनएन। बागपत जिले में बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित औद्योगिक पुलिस चौकी के पास पूर्वी यमुना नहर के पुल पर निर्माण कार्य चल रहा है। पुल का निर्माण कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है। शनिवार देर रात यहां पर मजदूरों और कांशीराम कालोनी के लोगों में बवाल हो गया।
कंपनी के ठेकेदार विजय तोमर का कहना है कि कई लोग सरिया चोरी कर रहे थे जिसका मजदूरों ने विरोध किया तो काशीराम कालोनी के उक्त लोग तब तो चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद दो दर्जन से ज्यादा महिला और पुरुष लाठी डंडे लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे और मजदूरों पर हमला कर दिया।
उधर, कांशीराम कालोनी की महिलाओं का भी आरोप है कि वह चोरी नहीं कर रहे थे और मजदूरों ने उन पर बेवजह चोरी का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया और अभद्र व्यवहार भी किया। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। इस घटना में कंपनी के अरुण नाम के युवक समेत कई लोगो को चोट आई है जो निर्माण कार्य मे लगे हुए थे। उधर, कांशीराम कालोनी के भी कई लोग चोटिल हुए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कांशीराम कालोनी के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार ने कांशीराम कालोनी के कई लोगों पर सरिया चोरी और मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है घटना की जांच की जा रही है।