विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्पेशल बच्चों की खुशी में शामिल हुए सैन्य अधिकारी, GOC ने बताया ईश्वर का वरदान; मिलिट्री Dogs ने दी बच्चों को थेरेपी 

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 27 Nov 2026 01:32 PM (IST)

मेरठ के आशा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सैन्य अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने उनकी प्रतिभा की सराहना की और अभिभावकों के समर्पण को सराहा। कार्यक्रम का खास आकर्षण आरवीसी सेंटर एंड कालेज के प्रशिक्षित सैन्य श्वान रहे। 

मेरठ के आशा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सैन्य अधिकारी और बच्चे।

मेरठ के आशा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सैन्य अधिकारी और बच्चे।

HighLights

  1. मेरठ के आशा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में  शामिल हुए सैन्य अधिकारी। 

  2. जीओसी ने स्कूल में अपनी ओर से एक विशेष रोलिंग ट्राफी शुरू करने की घोषणा की। 

जागरण संवाददाता, मेरठ। इन बच्चों को दिव्यांग या किसी कमी के नजरिए से देखने के बजाय विशेष क्षमताओं से संपन्न समझना चाहिए। ये बच्चे कमजोर नहीं, बल्कि ईश्वर के दिए हुए विशेष वरदान हैं। इनके अंदर जो प्रतिभा, संवेदनशीलता और प्रेम है, वह हममें से बहुत कम लोगों में देखने को मिलता है।

यह संदेश पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल सुमित ने आशा स्कूल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में दिया। उन्होंने बच्चों और उनके अभिभावकों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि किसी चुनौती को कमजोरी नहीं, बल्कि विशेष अवसर के रूप में देखना चाहिए। संगठन और व्यक्तिगत रूप से वे हमेशा इन बच्चों और उनके परिवारों के साथ खड़े रहेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा विधि यादव ने आकर्षक स्वागत नृत्य से की। अपनी प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण को समर्पित गीत 'ना काटो मुझे, बड़ा दुखता है' पर बच्चों ने भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। जादूगर पाशा ने अपनी जादूगरी के अनोखे करतब दिखाकर बच्चों का खूब मनोरंजन किया। हर नए करतब के साथ बच्चों के चेहरे पर उत्सुकता और खुशी दिखाई दी।

कार्यक्रम का एक खास आकर्षण आरवीसी सेंटर एंड कालेज के प्रशिक्षित सैन्य श्वान (Dogs) मुन्ना और डेविड रहे। दोनों ने बच्चों के बीच समय बिताया और कैनाइन थेरेपी दी। उन्हें अपने बीच पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। सैन्य श्वानों के साथ बच्चों की आत्मीयता और उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने बच्चों को उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर जो खुशी दिखाई दी, उससे कहीं अधिक प्रसन्नता अधिकारियों के चेहरों पर बच्चों को खुश देखकर नजर आई। यह केवल उपहार देने का अवसर नहीं था, बल्कि बच्चों के साथ आत्मीयता और अपनत्व साझा करने का मौका भी बना।

अभिभावकों के त्याग और समर्पण को किया नमन

अपने संबोधन में मेजर जनरल सुमित राणा ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उनके जीवन में धैर्य, त्याग, परिश्रम और समर्पण की बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों की क्षमताओं पर भरोसा रखें और उन्हें किसी भी रूप में कमतर न आंकें।

उन्होंने एक प्रसिद्ध अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी का उदाहरण देते हुए बताया कि जब खिलाड़ी जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहा था, तब उसने कभी यह सवाल नहीं किया कि सारी सफलताएं उसे ही क्यों मिलीं। लेकिन जब वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझा तो उसके मन में 'मैं हो क्यों me?' का सवाल उठा। बाद में उसने अपनी जीवनी में लिखा कि जब सफलताएं मिलीं, तब उसने यह नहीं पूछा कि ये सब मुझे ही क्यों मिला, फिर कठिनाई आने पर यह सवाल क्यों? इस उदाहरण के माध्यम से उन्होंने समझाया कि जीवन की चुनौतियों को भी सकारात्मकता और हिम्मत के साथ स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इन बच्चों की आत्मा बेहद पवित्र है। ये प्रेम और भावनाओं को जिस गहराई से समझते हैं, वह अपने आप में प्रेरणादायक है। बच्चों में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी समाज की भी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया संगठन के रूप में ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत तौर पर वे और उनकी पत्नी भी जरूरत पड़ने पर बच्चों और उनके परिवारों की सहायता के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।

विधि को नई ड्रेस के लिए 5100 और स्कूल को दो लाख रुपये की सहायता

कार्यक्रम में मेजर जनरल सुमित राणा ने विधि यादव की प्रतिभा की सराहना करते हुए एक विशेष घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ साल से विधि लगातार एक ही ड्रेस में अपनी प्रस्तुतियां दे रही हैं। इस पर उन्होंने स्कूल को 5100 रुपये देने की घोषणा की, ताकि विधि के लिए नई ड्रेस तैयार कराई जा सके।

इसके साथ ही उन्होंने आशा स्कूल को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से कहा कि इस राशि का उपयोग संस्थान बच्चों की जरूरत और सुविधा के अनुसार कर सकता है। इसके लिए किसी तरह की जवाबदेही या सवाल-जवाब की शर्त नहीं होगी।

हर साल सर्वश्रेष्ठ बच्चे को मिलेगी रोलिंग ट्राफी

मेजर जनरल सुमित राणा ने आशा स्कूल में अपनी ओर से एक विशेष रोलिंग ट्राफी शुरू करने की भी घोषणा की। यह ट्राफी हर साल स्कूल के शिक्षकों द्वारा चयनित उस बच्चे को दी जाएगी, जिसका समग्र प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ होगा। बच्चे के चयन के मानदंड स्कूल के शिक्षक स्वयं तय करेंगे। इसका उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, सैन्य अधिकारियों का स्नेह और अभिभावकों के चेहरे पर संतोष एक साथ दिखाई दिया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सहानुभूति से अधिक अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन की जरूरत है। इस अवसर पर स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर एसके सिंह, अस्पताल के कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह, वरिष्ठ रजिस्ट्रार कर्नल अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।