LIVE Meerut Coronavirus News Update: बिगड़ते ही जा रहे हालात, मेरठ और आसपास कोरोना के 181 नए मामलों ने बढ़ाई दहशत
Coronavirus News Update मेरठ और आसपास के जिलों में गुरुवार को भी कोरोना का कहर जारी रहा। हालात बिगड़ते ही नजर आ रहे हैं। गुरुवार को 181 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Coronavirus News Update मेरठ और आसपास के जिलों में गुरुवार को भी कोरोना का कहर जारी रहा। कोरोना को लेकर हालात बिगड़ते ही नजर आ रहे हैं। गुरुवार को 181 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सुखद यह रहा कि कोई मौत नहीं हुई। मेरठ के सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि जिले में गुरुवार को 34 नए केस मिलने से संख्या 2110 हो गई।
यह है आसपास का हाल
बुलंदशहर में 41 नए केस मिलने से संख्या 1332 पहुंच गई। सहारनपुर में 36 नए केस मिलने से संख्या 980 हो गई। बिजनौर में 34 नए केस मिलने से संख्या 706 हो गई। मुजफ्फरनगर में 23 नए केस मिलने से संख्या 785 हो गई। शामली में नौ केस मिलने से संख्या 404 हो गई। बागपत में चार नए केस मिलने से संख्या 601 तक पहुंच गई।
मेरठ में वकील व पुलिसकर्मी समेत 34 मरीज
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 21 सौ का आंकड़ा पार कर गई है। स्वास्थ्य विभाग नियमित रूप से जांचों की संख्या बढ़ा रहा है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि गुरुवार को 2100 सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया। 2154 सैंपलों की जांच में 34 मरीजों में वायरस मिला। 28 मरीज ठीक होकर घर पहुंच गए है। इस प्रकार अब तक 1737 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। वर्तमान में जिले में 277 एक्टिव केस हैं। 607 सैंपलों की जांच वेटिंग में है। अब तक 94576 मरीजों का सैंपल जांच के लिए लिया जा चुका है। साथ ही एंटीजन टेस्ट बड़ी संख्या में किए जा रहे हैं। गुरुवार को एक वकील, पुलिसकर्मी समेत कई अन्य संक्रमित पाए गए।
होम आइसोलेशन के लिए अप्लाई
सभी को कोविड केंद्रों में भर्ती कराया गया। साथ ही कई मरीजों ने होम आइसोलेशन के लिए अप्लाई किया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के घर पहुंच मानकों की पड़ताल कर रही है। मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में एक चौथाई मरीजों को आक्सीजन देना पड़ रहा है। साथ ही अब तक करीब दस मरीजों को रेमिडीसीवीर दवा दी जा रही है, जिसमें इसके असर पर नजर रखी जा रही है।