नकली नोट बनाने का एक्सपर्ट है लईक अहमद, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े हो सकते हैं सरगना के तार Bijnor News
बिजनौर में नकली नोटों का धंधा कर रहे एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से ढाई लाख के नकली नोट के साथ एक आरोपी को पकड़ा गया है। उसके पास से दो हजार और पांच सौ के नकली नोट बरामद हुए हैं।
बिजनौर, जेएनएन। गिरोह का सरगना लईक अहम नकली नोट बनाने का एक्सपर्ट है। वह पहले भी जेल जा चुका है। उसके पास नकली नोट बनाने की मशीन और सामान बरामद हुआ था। उसकी फरारी के बाद से कई राज पर पर्दा पड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि उसके हत्थे चढ़ने पर नकली नोट के रैकेट का पूरी तरह भंडाफोड़ होगा। संभावना जताई जा रही है कि आरोपित के तार नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े हो सकते हैं। कोतवाली देहात के गांव शहबाजपुर निवासी लईक अहमद शातिर अपराधी है। वह नशे के धंधे के साथ-साथ नकली नोटों की तस्करी से भी जुड़ा है। उसका जाल बंगाल समेत नेपाल और बांग्लादेश तक जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आशंका है कि वह करोड़ों रुपये की नकली नोट की खेप बाजार में उतार चुका है। वह नए लड़कों को पकड़ता है, उन्हें कमीशन के आधार पर नकली नोट देता था। 800 रुपये के स्थान पर एक हजार रुपये देता है। वह नकली नोट कहां से ला रहा था, इसका राजफाश अभी नहीं हो सका है। उसकी गिरफ्तारी के बाद कई राज खुलकर सामने आएंगे। वह पहले भी जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद वह फिर से पुलिस की आंख में धूल झोंककर नकली नोटों के धंधे में लग गया। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार दोहरे ने बताया कि लईक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा कि वह नोट बनाता है या फिर अन्य कहीं से लाता है। इसकी गहनता से पड़ताल की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। उसके पकड़ में आने से एक बड़ा रैकेट सामने आ सकता है। पिछले बार उसके पास नकली नोट बनाने की मशीन मिली थी। स्याही, कागज समेत काफी सामान बरामद हुआ था। वह नकली नोट बनाने का भी एक्सपर्ट है।