विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वैभव सूर्यवंशी जैसा टैलेंट आज तक नहीं देखा', कुलदीप यादव ने युवा क्रिकेटर्स को दिए सफलता के टिप्स

By Digital Desk Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 29 Apr 2026 12:44 PM (IST)

क्रिकेटर कुलदीप यादव ने मेरठ में एसजी स्टोर का उद्घाटन किया। यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के टैलेंट ...और पढ़ें

मेरठ में एसजी के स्टोर के उद्धाटन पर क्रिकेटर कुलदीप यादव। उनके साथ हैं एसजी कंपनी के प्रमोटर अरव आनंद, इंसेट में वैभव सूर्यवंशी।

मेरठ में एसजी के स्टोर के उद्धाटन पर क्रिकेटर कुलदीप यादव। उनके साथ हैं एसजी कंपनी के प्रमोटर अरव आनंद, इंसेट में वैभव सूर्यवंशी

HighLights

  1. मेरठ में एसजी कंपनी के एक्सक्लूसिव स्टोर के उद्घाटन को पहुंचे चाइनामैन गेंदबाज

  2. विश्व कप में बाबर आजम व जोस बटलर को आउट करने वाली गेंदों को मानते हैं अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंद

जागरण संवाददाता, मेरठ। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव का मानना है कि मेहनत ही खिलाड़ी के सफल होने की गारंटी है। असफलताओं के दौर से निकलने के लिए सकारात्मक बदलाव और वरिष्ठ लोगों की सलाह जरूरी है। मैच हार के बाद आई नकारात्मकता को टीम ड्रेसिंग रूम में बातचीत के जरिए खत्म करती है और आगे की रणनीति बनाती है।

क्रिकेटर कुलदीप यादव ने मंगलवार को दिल्ली रोड पर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में क्रिकेट के उत्पाद बनाने वाली विश्व प्रसिद्ध कंपनी एसजी के एक्सक्लूसिव स्टोर का उद्धाटन किया। इस मौके पर एसजी के प्रमोटर अरव आनंद के साथ कुलदीप ने अपने अनुभव साझा किए।

टीम के 75 पर आलआउट होने पर ड्रेसिंग रूम में बातचीत से आती है सकारात्मकता

आइपीएल में मंगलवार को आरसीबी के सामने 75 रन पर आलआउट होने वाली टीम दिल्ली कैपिटल के सदस्य कुलदीप ने बताया कि ऐसे मैचों के बाद स्वाभाविक है कि थोड़ी नकारात्मकता आती है, इसको खत्म करने के लिए ही ड्रेसिंग रूम में बातचीत की जाती है। अगले मुकाबले को लेकर सकारात्मक रणनीति तैयार होती है और पूरी टीम उस पर काम करती है।

छोटे मैदानों को लेकर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि स्पिनर गेंद को फ्लाइट देता है ताकि सीमा रेखा पर कैच करा सके, लेकिन शाट छक्के में तब्दील हो जाते हैं, ऐसे में गेंदबाज क्या करे ?

नवोदित क्रिकेटर रोजाना करें तीन से चार घंटे नेट अभ्यास

c6

कुलदीप ने नवोदित क्रिकेटरों से बातचीत की, जिनमें खासकर बाएं हाथ के गेंदबाज शामिल थे। उन्होंने कहा कि 13 वर्ष से अधिक के क्रिकेटर को रोजाना तीन से चार घंटे नेट पर अभ्यास करना जरूरी है। साथ में कोच को चाहिए कि वह इस उम्र में ही उनके खेल में विविधता लाने की कोशिश करे, बड़ी उम्र में यह थोड़ा मुश्किल हो जाता है।

सर्वकालिक महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और महान स्पिनर शेन वार्न

क्रिकेट की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी के बारे में उन्होंने कहा कि ऐसा टैलेंट उन्होंने आज तक नहीं देखा। वैभव के विश्वास को उन्होंने उसकी पूंजी बताया। कुलदीप सर्वकालिक महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और महान स्पिनर आस्ट्रेलिया के शेन वार्न को मानते हैं। उन्होंने इन दोनों के साथ अपनी पहली मुलाकात का अनुभव भी साझा किया।

पिता ने किया प्रोत्साहित

कुलदीप ने अपने शुरुआती दिनों के बारे में बताया कि एक दौर ऐसा आया था जब उन्होंने क्रिकेट छोड़ने का मन बना लिया था, लेकिन उनके पिता ने काफी प्रोत्साहित किया। यही कारण रहा कि अपने खेल में कुछ बदलाव के बाद उन्हें सफलता मिली। वर्ष 2019 के वनडे विश्व कप में पाकिस्तान के बाबर आजम और 2023 के विश्व कप में इंग्लैंड के जोस बटलर को आउट करने वाली दोनों गेंदों को वह अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंद मानते हैं।