विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इस महीने नहीं मिला एस्ट्रोटर्फ तो छूट जाएगी राष्ट्रीय हाकी प्रतियोगिता

By JagranEdited By:
Published: Wed, 24 Nov 2021 10:06 AM (IST)

कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में बन रहा हाकी एस्ट्रोटर्फ मैदान इसी महीने खेल विभाग को नहीं मिला तो राष्ट्रीय स्तर ...और पढ़ें

इस महीने नहीं मिला एस्ट्रोटर्फ तो छूट जाएगी राष्ट्रीय हाकी प्रतियोगिता
इस महीने नहीं मिला एस्ट्रोटर्फ तो छूट जाएगी राष्ट्रीय हाकी प्रतियोगिता

मेरठ, जेएनएन। कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में बन रहा हाकी एस्ट्रोटर्फ मैदान इसी महीने खेल विभाग को नहीं मिला तो राष्ट्रीय स्तर की हाकी प्रतियोगिता मेरठ को नहीं मिलेगी। उसका आयोजन कहीं अन्यत्र चला जाएगा। यह नुकसान एस्ट्रोटर्फ का निर्माण कर रही कंपनी उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड की हीला-हवाली के कारण होगा। करीब 5.40 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट में पहले ही अत्यधिक देरी हो चुकी है। प्रोजेक्ट निर्माण की शुरुआत जून-2018 में हुई थी जिसे वर्तमान व्यवस्था के अनुरूप मई 2021 में पूरा हो जाना चाहिए था।

खेलो इंडिया योजना अंतर्गत बन रहे इस हाकी एस्ट्रोटर्फ के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर पिछले दिनों मेरठ आए खेल निदेशक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार भी लगाई थी और अविलंब कार्य समाप्त करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके कार्य धीमी गति से चल रहा है। इधर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने एस्ट्रोटर्फ बनकर तैयार होने के साथ ही मेरठ में हाकी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन की मांग की है। यह प्रतियोगिता 15 दिसंबर से पहले शुरू हो जानी चाहिए अन्यथा दूसरे स्थान पर आयोजन कराना होगा। निर्माण की वर्तमान स्थिति देख ऐसा नहीं लगता है कि इतनी जल्दी एस्ट्रोटर्फ खेल विभाग को मिल सकेगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी गदाधर बारीकी के अनुसार नवंबर महीने में ही निर्माण एजेंसी ने एस्ट्रोटर्फ हैंडओवर कर दिया तो हाकी टूर्नामेंट का आयोजन संभव हो सकेगा।

कुश्ती प्रतियोगिता विवि में 25 को

जागरण संवाददाता, मेरठ : मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र की कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 25 नवंबर को होगा। यह प्रतियोगिता सीसीएसयू के रुस्तम-ए-जमा दारा सिंह कुश्ती स्टेडियम में होगी। प्रतियोगिता के दिन सुबह नौ बजे से 10 बजे तक पहलवानों के वजन लिए जाएंगे और 11 बजे से कुश्ती शुरू होगी। इस प्रतियोगिता में महिला व पुरुष दोनों की कुश्ती होंगी। महिला वर्ग में 42 किलो, 46 किलो, 55 किलो, 58 किलो और 62 किलो भार वर्ग की प्रतिस्पर्धा होगी। इसी तरह पुरुषों के लिए भी पांच भार वर्ग में कुश्ती होंगी। इनमें 50 किलो, 61 किलो, 74 किलो, 86 किलो और प्लस 86 किलो भार वर्ग शामिल है। जिला कुश्ती संघ के सचिव व कोच डा. जबर सिंह सोम के अनुसार इस प्रतियोगिता में जो पहलवान प्रथम तीन स्थान प्राप्त करेंगे उन्हें पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार में बादाम गिरी, ट्रैक सूट और नकद पुरस्कार दिया जाएगा। कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान पर चार खिलाड़ी विजेता चुने जाते हैं। इनमें प्रथम स्थान स्वर्ण पदक, द्वितीय स्थान रजत पदक और तृतीय स्थान पर कास्य पदक के दो खिलाड़ी होंगे। हर भार वर्ग में चार-चार खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।