कांवड़ यात्रा: मेरठ स्वास्थ्य विभाग का नया और बड़ा बदलाव, भीड़ में दौड़ेंगी 16 बाइक एंबुलेंस
इसके तहत 32 हेल्थ बूथ, 100 डॉक्टर और 350 स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहेंगे, साथ ही अस्पतालों में कावड़ियों के लिए बेड भी आरक्षित किए गए हैं।

फाइल।
HighLights
कावड़ यात्रा 2026 के लिए स्वास्थ्य विभाग का माइक्रो प्लान।
भीड़भाड़ वाले इलाकों के लिए 16 बाइक एंबुलेंस की शुरुआत।
32 हेल्थ बूथ, 100 डॉक्टर, 350 स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहेंगे।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सावन के पावन महीने में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शिवभक्तों की सुरक्षा और त्वरित इलाज के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर लिया है। इस बार प्रशासन का मुख्य फोकस भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बिना समय गंवाए चिकित्सीय सहायता पहुंचाना है।
इस साल के प्लान में सबसे बड़ा और नया बदलाव 16 बाइक एंबुलेंस की शुरुआत है। अक्सर कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ या संकरे रास्तों के कारण बड़ी चार पहिया एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाती हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 16 बाइक एंबुलेंस तैयार की हैं।
इन बाइक एंबुलेंस पर एक पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा, जो अपने साथ जरूरी दवाओं से लैस फर्स्ट एड बाक्स लेकर चलेगा ताकि मरीज को मौके पर ही प्राथमिक उपचार मिल सके।
कुल 100 डाक्टरों की तैनाती रहेगी
सीएमओ डॉक्टर राम प्रसाद ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर 32 हेल्थ बूथ बनाए जाएंगे। कुल 100 डॉक्टरों की तैनाती रहेगी। कुल 350 स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती होगी। गंभीर मरीजों को शिफ्ट करने के लिए सरकारी 108 सेवा की 19 एंबुलेंस और 25 प्राइवेट अस्पतालों की एंबुलेंस को भी रिजर्व पर रखा गया।
20-20 बेड कांवड़ यात्रियों के आरक्षित रहेंगे
मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल दोनों जगह 20-20 बेड विशेष रूप से कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेंगे। मार्ग पर पड़ने वाले 25 प्राइवेट अस्पतालों को चिन्हित कर वहां 5 से 10 बेड आरक्षित कराए जा रहे हैं।
