बृहस्पति और मंगल आए बहुत करीब! 15 और 16 नवंबर की सुबह मेरठ के विज्ञान घर में टेलीस्कोप से दिखेगा यह अद्भुत नजारा
बृहस्पति और मंगल ग्रह 15-16 नवंबर की सुबह मेरठ के विज्ञान घर में टेलीस्कोप से देखे जा सकेंगे, जब वे ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
बृहस्पति और मंगल ग्रह आ रहे हैं एक-दूसरे के बेहद करीब।
15-16 नवंबर को मेरठ के विज्ञान घर में देखें टेलीस्कोप से।
सुबह 4:30 से 6 बजे तक होगा यह अद्भुत खगोलीय नजारा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सुबह के आसमान में इन दिनों बृहस्पति और मंगल एक-दूसरे के बहुत करीब दिखाई दे रहे हैं। इस खगोलीय घटना को 15 और 16 नवंबर की सुबह 4:30 से 6 बजे तक बिजली बंबा बाईपास फतेहुल्लापुर मोड़ स्थित विज्ञान घर में टेलीस्कोप से दिखाया जाएगा। विज्ञान अध्यापक दीपक शर्मा ने यह जानकारी दी।
दरअसल, दोनों ग्रहों की सबसे नज़दीकी स्थिति 15–16 नवंबर को है। उनके बीच लगभग 1°11′ का फासला रहेगा। खगोल विज्ञान में इसे “युति” (कंजंक्शन) कहते हैं। इसमें दोनों ग्रह वास्तव में करोड़ों किलोमीटर दूर होते हैं, पर पृथ्वी से देखने पर पास-पास नज़र आते हैं।बृहस्पति ज़्यादा चमकीला दिखता है, जबकि मंगल अपने लाल रंग से पहचाना जाता है। सही मौसम में दोनों ग्रह नंगी आंखों से भी देखे जा सकते हैं, जो लोग विज्ञान घर नहीं पहुंच पाएं, वे अपने घर की छत से भी इसे देख सकते हैं।
टेलीस्कोप से देखने के लिए पंजीकरण ज़रूरी
विज्ञान घर में प्रवेश निश्शुल्क है। टेलीस्कोप से देखने का अवसर उन्हीं लोगों को मिलेगा, जो आने से एक दिन पहले मोबाइल नंबर 8178984938 पर मैसेज करके अपने साथ आने वालों की संख्या बताएंगे।
छत से कैसे देखें
•दिशा: दक्षिण-पूर्व
•समय: सूर्योदय से करीब 45 से 60 मिनट पहले, यानी सुबह लगभग 5 से 5:45 बजे के बीच
•खुली छत चुनें, जहां पूर्व और दक्षिण-पूर्व की ओर इमारतें या पेड़ न हों
•शहर की रोशनी से दूर रहें और आंखों को कुछ मिनट अंधेरे की आदत डालने दें
आगे के दिनों में
यह नज़ारा नवंबर के अंत तक देखा जा सकेगा। दोनों ग्रहों की आपसी चाल धीमी है, इसलिए कुछ दिन पहले या बाद में भी वे पास-पास ही दिखाई देंगे। 22 नवंबर तक मंगल, बृहस्पति और सिंह राशि का तारा रेगुलस एक छोटा त्रिकोण बना लेंगे। 30 नवंबर को आधा चमकता चंद्रमा भी इन ग्रहों के साथ तिकड़ी बनाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी
•स्थान: विज्ञान घर, बिजली बम्बा बाईपास, फतेहुल्लापुर मोड़, मेरठ
•तारीख: 15 और 16 नवंबर
•समय: सुबह 4:30 बजे से 6 बजे तक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।