25 अक्टूबर को दबथुवा में रैली करेंगे जयंत चौधरी
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी 25 अक्टूबर को दबथुवा में रैली को संबोधित करेंगे।
मेरठ, जेएनएन। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी 25 अक्टूबर को दबथुवा में रैली को संबोधित करेंगे। गुरुवार को बेगमपुल स्थित एसजीएम फार्म में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री त्रिलोक चंद त्यागी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ में पार्टी का संकल्प पत्र जारी करेंगे। जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़, राजकुमार सांगवान, सुनील रोहटा, मुकेश जैन, राजेंद्र जानी, सतीश त्यागी, सोकेंद्र सिवाया, सोहराब ग्यास आदि मौजूद रहे।
भाजपा को अपनी ताकत का अहसास कराएंगे : त्यागी
त्रिलोक त्यागी ने बताया कि जयंत चौधरी की आशीर्वाद पथ जनसभा को लेकर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी चुनाव में रालोद भाजपा को अपनी ताकत का अहसास कराएगा।
एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने चलाए रिक्शे
मेरठ। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष नीतीश भारद्वाज और एनएसयूआइ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशांत चौधरी के नेतृत्व में एकत्र कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन किया। बाइक रखकर कमिश्नरी चौराहे के चारों ओर रिक्शा चलाया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
नितीश भारद्वाज ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है। पेट्रोल के दाम रोज बढ़ रहे हैं। इस कारण गरीब आदमी की कमर टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल के दाम सौ रुपये के पार करना केंद्र सरकार की सबसे बड़ी विफलता का प्रमाण है। एनएसयूआइ महासचिव हर्ष ढाका ने कहा कि केंद्र की सरकार ने इस देश के गरीब को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया है। हिमांशु, निशांत पंडित आदि मौजूद रहे।