बकरीद पर बवाल की साजिश रचने वाला पूर्व चेयरमैन जावेद आफताब सिद्दीकी गिरफ्तार
बवाल की साजिश रचने के मामले में पुलिस ने पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जावेद आफताब सिद्दीकी को अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।
बिजनौर, जेएनएन। बवाल की साजिश रचने के मामले में पुलिस ने पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जावेद आफताब सिद्दीकी को अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक अवैध पिस्टल, 162 कारतूस और भड़काऊ पर्चे बरामद हुए हैं। आरोप है कि बकरीद से पहले जिले में बवाल करने की साजिश रची जा रही थी। आरोपित को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
शहर कोतवाल रमेश चंद शर्मा ने बताया कि खुफिया जानकारी मिली कि नई बस्ती निवासी पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जावेद सिद्दीकी अलीगढ़ के सैयदनगर में रहकर बिजनौर में बकरीद के समय बवाल कराने की साजिश रच रहा है। सोमवार रात पुलिस ने उसे अलीगढ़ में उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया और बिजनौर ले आई। पूछताछ में जावेद ने सीएए के समय दंगों में अपनी भूमिका का इकबाल करते हुए अपनी निशानदेही पर अपने मकान से एक अवैध पिस्टल 32 बोर, 32 बोर के 80 कारतूस और 82 कारतूस 12 बोर के बरामद कराएं। मुसलमानों को भड़काकर दंगा कराने के उद्देश्य से छपवाए गए पर्चे भी बरामद किए गए हैं। एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि आरोपित बकरीद से पूर्व बवाल की साजिश रच रहा था। वह पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआइ) और कुछ कट्टरपंथी लोगों के माध्यम से पर्चें बंटवा रहा था। पुलिस उससे जुड़े लोगों की पड़ताल कर रही है। आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। जावेद पर दंगा भड़काने की साजिश रचने और अवैध हथियार रखने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीएए बवाल में रहा है आरोपित
20 दिसंबर को बिजनौर शहर में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर बवाल हुआ था। इस मामले में जावेद को नामजद किया गया था। जावेद आफताब फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 21 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस मामले में जावेद ने कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी। तब से वह भूमिगत चल रहा था।