Move to Jagran APP

जिम्मेदारी समझना जरूरी, कोरोना से तभी बनेगी दूरी

बढ़ रहे कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के साथ ही बचाव के सार्थक प्रयासों पर चर्चा के लिए बुधवार को दैनिक जागरण ने शहर के व्यापारी वर्ग व पुलिस प्रशासन के साथ वेबिनार का आयोजन किया।

By JagranEdited By: Published: Thu, 26 Nov 2020 09:40 AM (IST)Updated: Thu, 26 Nov 2020 09:40 AM (IST)
जिम्मेदारी समझना जरूरी, कोरोना से तभी बनेगी दूरी

मेरठ, जेएनएन। बढ़ रहे कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के साथ ही बचाव के सार्थक प्रयासों पर चर्चा के लिए बुधवार को दैनिक जागरण ने शहर के व्यापारी वर्ग व पुलिस प्रशासन के साथ वेबिनार का आयोजन किया। इसमें व्यापारी वर्ग ने बाजार में अनावश्यक हो रही भीड़, प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा व कार्यशैली में बदलाव से जुड़े मुद्दों पर बात की। पुलिस प्रशासन की ओर से नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश नारायण सिंह ने व्यापारियों की अपेक्षाओं को पूरा करने, और रोकथाम के प्रयासों पर और जोर दिए जाने का भरोसा दिया। उन्होंने सामाज के सभी वर्ग से कोरोना से बचाव को लेकर जागरूक रहने की अपील की। व्यापारी वर्ग की ओर से उठाए गए प्रमुख मुद्दों में शहर के बाजारों में अनावश्यक रूप से बिना मास्क घूमने वाले लोगों पर सख्ती किए जाने की माग उठी। घने या संकरे रास्ते वालों बाजार में तीन पहिया वाहनों के आवागमन से शारीरिक दूरी का प्रोटोकाल भंग होने की बात सामने आई। इसके अलावा तमाम सवारी वाहनों द्वारा क्षमता से अधिक सवारी बैठाए जाने से अव्यवस्था होने की बात उठी। नगर निगम द्वारा सुस्त पड़ी सैनिटाइजेशन व्यवस्था में गति लाने की माग भी हुई। व्यापारियों की ओर से बिना मास्क लगाकर आने वालों ग्राहकों को जागरूक करने और मास्क देने की पहल पर बल देने की आवाज उठी।

loksabha election banner

व्यापारियों के सुझाव व अपेक्षाएं

व्यापार संघ लोगों को अपने हाथों को सैनिटाइज करने की याद दिलाने के लिए सायरन बजाकर उन्हें अलर्ट करने के एक प्रयास को आगे बढ़ा रहा है। सभी दूसरों को सजग करें।

- किशोर वाधवा, अध्यक्ष, सेट्रंल मार्केट व्यापार संघ

बेगमपुल चौराहे पर आटो और ई-रिक्शा वाले अनावश्यक रूप से सवारी लेने के लिए जमावड़ा लगाए रहते हैं। ऐसे में वाहनों का आवागमन बाधित होने से भीड़ की स्थिति बनने लगती है।

- पुनीत शर्मा, महामंत्री, बेगमपुल व्यापार संघ

जनसामान्य के अलावा सार्वजनिक क्षेत्र में कार्य करने वाले सरकारी अमले को भी मास्क लगाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। तभी आम लोग भी इसे स्वयं पर लागू करेंगे।

- संजय गोयल, अध्यक्ष, पीएल शर्मा रोड व्यापार संघ

लोगों को अब यह समझने की जरूरत है कि जिस तरह हेलमेट दुर्घटना से हमारा बचाव करता है, उसी तरह मास्क संक्रमण से बचाव में हमारी रक्षा करता है। कड़ाई से शारीरिक दूरी का पालन हो।

- नरेंद्र सिंह, अध्यक्ष, आबूलेन व्यापार संघ

लाकडाउन प्रक्रिया के दौरान जिस तरह बाजार खुलने से पहले सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया होती थी, वह अब भी होनी चाहिए। बिना मास्क वालों के चालान काटने के बजाय पुलिस उन्हें सजग करे।

- नीरज कौशिक, महानगर अध्यक्ष, पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल

परिवार के परिवार बाजार में आने से बचने चाहिए। व्यापार या प्रशासन के अलावा लोगों को भी अपनी सुरक्षा का ख्याल हो। होम डिलीवरी व्यवस्था पर व्यापारी जोर दें।

- विनेश जैन, पूर्व अध्यक्ष, मेरठ डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन

जेल चुंगी का क्षेत्र शहर से थोड़ा अलग-थलग होने की वजह से सवारी वाहन व अन्य बाहरी वाहन अनियंत्रित ढंग से व्यवस्था को बिगड़ रहे हैं।

- शिवा भारद्वाज, अध्यक्ष, जेल चुंगी व्यापार संघ

त्योहारी सीजन व सहालग शुरू होने से भी भीड़ बाजार में अधिक है। जिम्मेदार विभाग कोरोना से बचाव को लेकर किए जाने वाले उपाय जैसे सैनिटाइजेशन को फिर शुरू करे।

- आशु शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल

व्यापारियों को स्वयं ही ग्राहकों व आने-जाने वालों को जागरूक करना चाहिए। साथ ही ठेले व सवारी वाहनों को सैनिटाइज करने की व्यवस्था बने।

- नीलकमल रस्तोगी, कोषाध्यक्ष, हैंडलूम व्यापार संघ

सदर बाजार में सवारी वाहनों के आने पर नियंत्रण हो। हालाकि व्यापार संघ लोगों को जागरूक करने के साथ ही भीड़ न लगने पाए, इसके लिए जरूरी दिशा-निर्देश देता है।

- सुनील दुआ, अध्यक्ष, सदर बाजार व्यापार मंडल

खैर नगर दवा बाजार में सुबह दस से शाम छह बजे तक कार व तीन पहिया वाहनों पर रोक लगे। व्यापारी के माल को आने दिया जाए।

- रजनीश कौशल, महामंत्री, मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोएिशन

बाजार में लोगों को जाने से बचना चाहिए। व्यापारियों को भी बिना मास्क लगाकर आने वाले लोगों को मास्क उपलब्ध कराना चाहिए।

- अमित अग्रवाल, महामंत्री, शारदा रोड व्यापार संघ

आप पूछिए सामने वाले से, मास्क क्यों नहीं लगाया

समाज के सभी लोगों को कमिया पहचानने के साथ ही अपनी सहभागिता भी देनी चाहिए। समाज में सभी के स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के निरंतर प्रयास हो रहे हैं, लेकिन लोगों को अपना ख्याल रखने के लिए स्वयं भी सचेत रहना होगा। बाजार में हो रही भीड़ संक्रमण के मामलों में हो रही बढ़ोतरी का मुख्य कारण है। ऐसे में बिना मास्क घर से निकलने वाले लोगों को मास्क लगाने के लिए टोकना चाहिए, साथ ही बिना मास्क लगाए व्यक्ति जहा भी दिखे, वहीं उससे सवाल होना चाहिए, यह सवाल जनता ही उठाने लगे कि आप बिना मास्क के क्यों घूम रहे हैं। संक्रमण के समाधान के लिए व्यापारी स्वयं भी व्यवस्था का जायजा लें। बेहतरीन सुझावों पर काम होगा। अग्निशमन विभाग व नगर निगम द्वारा सैनिटाइजेशन की व्यवस्था का रुख बाजारों की ओर बढ़ाया जाएगा। ध्यान रहे, पुलिस प्रशासन द्वारा मास्क लगाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। न मानने वालों पर जुर्माना और चालान जैसी कार्रवाई हो रही है। इससे बचने के लिए मास्क जरूर लगाएं स्वयं सुरक्षित रहें और समाज को भी सुरक्षित रखें।

- अखिलेश नारायण सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.