बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में ईशा गुप्ता को 65वां स्थान
परीक्षितगढ़ नगर के व्यापारी की पुत्री ईशा गुप्ता ने बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 65वां स्थान हासिल किया है। ईशा अब डीएसपी बनेंगी। उनकी उपलब्धि से परिवार व नगर में खुशी का माहौल है।
मेरठ, जेएनएन। परीक्षितगढ़ नगर के व्यापारी की पुत्री ईशा गुप्ता ने बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 65वां स्थान हासिल किया है। ईशा अब डीएसपी बनेंगी। उनकी उपलब्धि से परिवार व नगर में खुशी का माहौल है।
व्यापारी जितेंद्र गुप्ता की पुत्री ईशा गुप्ता ने दसवीं और बारहवीं सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल मेरठ से की थी। उन्होंने 12वीं में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद 2017 में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित विद्यालय मिरांडा हाउस से इंजीनियरिग की। दिल्ली में ही रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी की।
ईशा ने कहा कि कड़ी मेहनत से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कहा कि मां बबली गुप्ता, भाई सार्थक व छोटी बहन सृष्टि के सहयोग से ही वह यह उपलब्धि हासिल कर सकी हैं। श्याम मित्र मंडल के राजीव बंसल, मुनेंद्र त्यागी, अमित गर्ग, दिनेश गर्ग, कांति गर्ग, अभिषेक, डा. ओंकार, नगर पंचायत अध्यक्ष अमित मोहन टीपू, पूर्व चैयरमैन हिटलर त्यागी आदि ने ईशा को शुभकामनाएं दी हैं।
सीसीएसयू के 16 छात्रों को तीन लाख का मिला पैकेज : चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कैंपस प्लेसमेंट में 16 छात्र-छात्राओं को शुरुआत में तीन लाख रुपये का पैकेज मिला है। विश्वविद्यालय के सूक्ष्म जीव विज्ञान विभाग ने एक अक्टूबर को इस प्लेसमेंट का आयोजन किया था। लाइफ साइंस के लगभग 80 छात्र और छात्राओं ने भाग लिया था। चयनित छात्रों को एलेन इंस्टीट्यूट कोटा राजस्थान में छह से आठ महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान सभी चयनित छात्रों को तीन लाख का पैकेज दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद छात्रों को उनकी पसंद के अनुसार एलेन के विभिन्न राज्यों में स्थित इंस्टीट्यूट में भेज दिया जाएगा। छात्रों की योग्यता के अनुसार उनका पैकेज भी बढ़ा दिया जाएगा। यह सुनकर छात्रों में खुशी की लहर है सभी ने एक दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी। छात्रों ने विभागाध्यक्ष प्रो. वाई विमला, डा. लक्ष्मण नागर का धन्यवाद दिया। डा. दिनेश पवार, डा. पायल ने बताया कि विभाग से पहले भी छात्र कैंपस प्लेसमेंट से रोजगार पाएं हैं। डा. प्रीति और डा. कपिल स्वामी ने छात्रों के बेहतर भविष्य की कामना की।