विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 14, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बाइक बोट कंपनी समूह से जुड़ा इंडिपेंडेंट टीवी का नेटवर्क बंद, करोड़ों फंसे: Meerut News

By Ashu SinghEdited By:
Published: Fri, 14 Jun 2019 12:49 PM (IST)

बाइक बोट स्कीम के नाम पर करोड़ों ठगने वाले गर्वित इनोवेटर प्रमोटर लिमिटेड ग्रुप से संबंधित इंडिपेंडेंट टीवी नेटवर्क भी बुधवार रात बंद हो गया। हजारों लोग इससे जुड़े हुए थे।

बाइक बोट कंपनी समूह से जुड़ा इंडिपेंडेंट टीवी का नेटवर्क बंद, करोड़ों फंसे: Meerut News
बाइक बोट कंपनी समूह से जुड़ा इंडिपेंडेंट टीवी का नेटवर्क बंद, करोड़ों फंसे: Meerut News

मेरठ,जेएनएन। बाइक बोट स्कीम के नाम पर करोड़ों ठगने वाले गर्वित इनोवेटर प्रमोटर लिमिटेड ग्रुप से संबंधित इंडिपेंडेंट टीवी नेटवर्क भी बुधवार रात अचानक बंद हो गया। केबल नेटवर्क प्रदान करने वाली इस कंपनी के मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जनपदों में ही लगभग 90 हजार उपभोक्ता हैं। इनके टीवी सेट बंद हो गए हैं। कंपनी मालिक और अफसरों के फोन स्विच ऑफ हैं। वहीं,कंपनी के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर और डिस्ट्रीब्यूटरों का कहना है कि उनके कंपनी के पास एडवांस और कमीशन के रूप में दो करोड़ से ज्यादा रुपये जमा थे। उपभोक्ताओं की फोन कॉल से भी वे परेशान हैं।
अकेले मेरठ जनपद में 10 हजार से ज्यादा उपभोक्ता
केबल नेटवर्क प्रदान करने वाली यह कंपनी इंडिपेंडेंट टीवी जुलाई 2018 में शुरू हुई थी। कंपनी ने 2250 रुपये में एक साल की सेवा प्रदान करने का आकर्षक प्लान भी जारी किया था। मेरठ और सहारनपुर मंडल के जनपदों में ही कंपनी का एक सुपर डिस्ट्रीब्यूटर ड्रीम्स ट्रेड विंग व 26 डिस्ट्रीब्यूटर हैं। ड्रीम्स ट्रेड विंग के मालिक गौरव टंडन का आरोप है कि यह कंपनी भी बाइक बोट कंपनी समूह गर्वित इनोवेटर प्रमोटर लिमिटेड ग्रुप से जुड़ी है। मेरठ जनपद में ही 10 हजार से ज्यादा उपभोक्ता हैं। नेटवर्क पहले छह माह ठीक चला। उसके बाद से यह बार-बार परेशान करता रहा। इसकी शिकायतें की गईं,लेकिन कंपनी ने सुधार नहीं किया।
पुलिस,ट्राई और कंपनी मामलों के मंत्रालय में करेंगे शिकायत
इंडिपेंडेंट टीवी के मेरठ के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर गौरव टंडन ने बताया कि इंडिपेंडेंट टीवी का केबल नेटवर्क बंद होने से ग्राहकों की कॉल आ रही हैं। हम कंपनी के डायरेक्टर सचिन भाटी के अलावा मोहम्मद सायन, आरिफ, विवेक सिंह, आशुरानी के नंबरों पर बार-बार कॉल कर रहे हैं। लेकिन फोन तभी से स्विच ऑफ हैं। इनके सर्वेसर्वा संजय भाटी का नंबर भी बंद है।
सालभर से मेरठ में काफी सक्रिय था संजय भाटी
बाइक बोट और अन्य कंपनियों का सूत्रधार संजय भाटी साल भर से मेरठ में काफी सक्रिय था। शहर में संजय भाटी ने कई बड़े इवेंट पर लाखों खर्च किए। इसमें कई बड़े नेताओं, अधिकारियों, कलाकारों को बुलाया जाता था। संजय भाटी शहर में केबल और अन्य कंपनियों के जरिये साम्राज्य खड़ा करना चाहता था।
समूह की ये हैं कंपनियां..
गर्वित इनोवेटर प्रमोटर लिमिटेड, प्राइमेक्स ब्रॉडकास्ट प्राइवेट लिमिटेड, प्राइमेक्स प्लास्टिक प्राइवेट लिमिटेड, गर्वित ब्रॉडकास्ट मीडिया प्राइवेट लिमिटेड, इंडिपेंडेंट लिमिटेड, स्नो टच रिसोर्ट। 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।