गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाये से नाराज किसानों ने वेस्ट यूपी में फिर हाईवे किया जाम
गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाए जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन बुधवार के बाद गुरुवार को भी वेस्ट यूपी में हाईवे पर जाम लगाकर नारेबाजी की।
मेरठ, जेएनएन। गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाए जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन बुधवार के बाद गुरुवार को भी वेस्ट यूपी में हाईवे पर जाम लगाकर नारेबाजी की। मुजफ्फरनगर, बिजनौर और सहारनपुर में किसान व कार्यकर्ता ट्रेक्टर ट्रॉली में गन्ना लाद कर नेशनल हाईवे पर आ डटे। चक्का जाम के साथ-साथ किसान यूनियन के बैनर तले धरना प्रदर्शन भी कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी है। नेशनल हाईवे पर कार्यकर्ताओं ने वाहनों को रोक दिया है।
मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर के खतौली में भारतीय किसान यूनियन तोमर ने भैंसी कट पर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया है। छपार में नेशनल हाईवे-58 पर गन्ने का भाव न बढाने के विरोध में जाम लगा हुआ है। वहीं मोरना में चौधरी चरण सिंह चौक पर भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ता धरना दे रहे हैं।
सहारनपुर
सहारनपुर के नागल में भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर जाम लगाकर सरकार द्वारा गन्ना मूल्य वृद्धि न किए जाने पर रोष जताते हुए धरना देकर जाम लगाया तथा गन्ना व पाती जलाकर विरोध जताया। बाद में उप जिलाधिकारी देवबंद को ज्ञापन देने के बाद जाम को खोल दिया गया। छुटमलपुर के ज्योति किरण तिराहा पर गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर किसानों ने जाम लगा दिया। भाकियू कार्यकर्ता तिराहा के बीच दरियां डालकर धरने पर बैठ गए।
बिजनौर
भारतीय किसान यूनियन भानु गुट ने गुरुवार को शेरकोट हरेवली मार्ग पर जाम लगाया। इस दौरान किसान धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को निकाला। जाम के हालात को देखते हुए पुलिस भी एहतियात बरत रही है।