Janta curfew: कर्फ्यू के दौरान भी मिलती रहेंगी ये वस्तुएं Meerut News
जिला पूर्ति अधिकारी ने निर्देश दिया कि कर्फ्यू के दौरान जरूरी वस्तुएं मिलती रहेंगी। किसी तरह की दुविधा होने पर जानकारी ले सकते है। वस्तुएं उपलब्ध न कराने पर कार्यवाही होगी।
मेरठ, जेएनएन। रविवार को जनता कर्फ्यू के लिए प्रधानमंत्री ने पूरे देश की जनता से समर्थन में सहयोग मांगा है जिसके तहत सभी लोगों को सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 बजे तक अपने आप को घर में ही बंद रखना है पर आवश्यक वस्तुओं से संबंधित लोगों को इस जनता कर्फ्यू में बंद होने के बजाय हालात को बेकाबू होने से बचाने के लिए मुस्तैद रहना है।
पेट्रोल पंप, राशन की दुकान, और गैस एजेंसियां, सीएनजी स्टेशन, पीएनजी गैस ऐसी चीजें हैं। जिनका सीधा सरोकार आवश्यक वस्तुओं से है। किसी भी तरह से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति न बाधित हो या उसके कालाबाजारी की नौबत ना आए। इन वस्तुओं के मिलने से हायतौबा ना मचे इसलिए रविवार के दिन भी यह सेवाएं जारी रहेंगी। सभी पेट्रोल पंप सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। सामान्य दिनों की तरह ही गैस एजेंसी या और राशन की दुकानों पर राशन मिलेगा।
सभी का सहयोग जरूरी
जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं पर किसी भी स्थिति में पाबंदी नहीं लगाई जाती है यदि किसी को गलतफहमी है तो वह दूर कर ले। जनता कर्फ्यू के दिन हमें सहयोग करना है और सभी लोगों को जागरूक भी करना है लेकिन इन वस्तुओं से जुड़ी चीजों की आपूर्ति ना रुके इसलिए अपने कार्यस्थल पर पहुंचना भी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शासन से आदेश भी आ गए हैं। कोरोना वायरस के आपातकाल से तमाम अफवाहें बाजार में होती हैं और हो भी रही हैं।
मिलती रहेंगी वस्तुएं
लोगों को लगता है कि सब कुछ बंद हो जाएगा और सामान नहीं मिलेगा जबकि हकीकत यह है कि आवश्यक वस्तुएं मिलती रहेंगी। किसी को कोई परेशानी नहीं होगी इसलिए खाद्य आपूर्ति विभाग से संबंधित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। अधिकारी या कर्मचारी बाहर के हो या फिर स्थानीय किसी को भी विशेष परिस्थिति को छोड़कर अवकाश नहीं दिया जाएगा।