औघड़नाथ और पुरा महादेव की आइजी ने परखी सुरक्षा
महाशिवरात्रि पर मेरठ रेंज के औघड़नाथ पुरा महादेव और दूधेश्वरनाथ मंदिर पर कडी सुरक्षा रहेगी।
मेरठ, जेएनएन। महाशिवरात्रि पर मेरठ रेंज के औघड़नाथ, पुरा महादेव और दूधेश्वरनाथ मंदिर पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। गुरुवार की रात 12 बजे से भी तीनों मंदिर पर सुरक्षा घेरा कड़ कर दिया। सभी पुलिसकर्मियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगा दी गई है। साथ ही शहर के अन्य मंदिरों की भी सुरक्षा बढ़ाई गई।
गुरुवार को आइजी प्रवीण कुमार ने सुबह ही औघड़नाथ मंदिर पर सुरक्षा का जायजा लिया। मंदिर कमेटी और पुलिस बल से सुरक्षा के बारे में बातचीत करने के बाद आइजी बागपत के लिए रवाना हो गए। वहां पर पुरा महादेव मंदिर की निरीक्षण किया। साथ ही कप्तान से बातचीत कर सुरक्षा तीन लेयर पुलिस सुरक्षा लगाने के आदेश दिए। उसके बाद गाजियाबाद के कप्तान कलानिधि नैथानी से फोन पर बातचीत की। आइजी ने बताया कि उन्हें गाजियाबाद के विजय नगर में स्थित दूधेश्वरनाथ मंदिर की सुरक्षा कड़ी करने के आदेश दिए। साथ ही तीनों मंदिरों पर भक्तों को जल चढ़ाने में कोई परेशानी ना हो। इसके लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी मंदिर के अंदर तक लगा दिए है, जो जल चढ़ाते समय भी भक्तों की मदद करेंगे। साथ ही बाहर व्यवस्था बनाने के लिए भी पुलिस बल मौजूद रहेगा। सभी सीओ को अलग अलग सेक्टर का जिम्मा सौंपा गया है। कप्तान और एसपी सिटी को आइजी ने खुद सुरक्षा व्यवस्था देखने के आदेश जारी किए। आइजी प्रवीण कुमार ने बताया कि रात में खुद भी निकलकर पुलिस ड्यूटी चेक करेंगे। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। इसके लिए भी पुलिस को आदेश दिए गए है।