भाजपा पार्षद ने भीख मांगकर नगर आयुक्त की टेबल पर रख दिये 300 रुपये
नगर निगम ने समस्याओं के निदान में बजट का रोना रोया तो वार्ड 60 के भाजपा पार्षद नीरज सिंह ने बजरंग सेवा समिति के कार्यकर्ताओं के साथ नगर आयुक्त कार्यालय के सामने भीख मांग प्रदर्शन
By Edited By: Published: Wed, 14 Aug 2019 07:00 AM (IST)Updated: Wed, 14 Aug 2019 07:00 AM (IST)
मेरठ, जेएनएन। नगर निगम ने समस्याओं के निदान में बजट का रोना रोया तो वार्ड 60 के भाजपा पार्षद नीरज सिंह ने बजरंग सेवा समिति के कार्यकर्ताओं के साथ नगर आयुक्त कार्यालय के सामने भीख मांगकर प्रदर्शन किया। जुटाए गए करीब 300 रुपये नगर आयुक्त के टेबल पर रख दिए। जिससे हड़कंप मच गया। नगर आयुक्त ने आनन-फानन में संबंधित अधिकारियों से बात की। इसके बाद दस दिन में सभी समस्याओं का निदान करने का आश्वासन दिया। गुस्साए पार्षद ने कहा कि निर्धारित अवधि में निराकरण नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वार्ड 60 के पार्षद नीरज सिंह ने बताया कि पिछले 15 दिनों से पथ प्रकाश प्रभारी से मांग की जा रही है कि गली नंबर 11 फूलबाग कालोनी के विद्युत खंभे में जर्जर हालत में लाइट चेंजर लगा है। बारिश के दौरान दुर्घटना की आशंका है। बार-बार बदलने की गुहार पर यही कहा जा रहा है कि निगम में बजट नहीं है। पार्षद ने कहा कि ये बड़ी शर्मनाक स्थिति है कि लाइट चेंजर के लिए 2000 रुपये नहीं हैं। उन्होंने कहा कि फूलबाग कालोनी और नेहरू नगर में छोटी-बड़ी समस्याएं दूर नहीं हो रही हैं। पांच माह पुलिया व टूटी नाली बनवाने का प्रस्ताव दिया था। जो आज तक टेंडर में अटके हैं। गांधी आश्रम के समीप नाले की दीवार 15 दिन से टूटी पड़ी है। वार्ड की सफाई भी ठीक से नहीं की जा रही। स्टोर प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शन के दौरान पार्षद के साथ बजरंग सेवा समिति के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस मामले में नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने कहा कि पार्षद को दस दिन का समय दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि समस्याओं का त्वरित निदान करें।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें