विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेहत और मुनाफे का डबल डोज: थाली में शामिल करें बिना छिलके वाला जौ, किसानों के लिए कमाई का नया विकल्प

By Sanjeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 17 Nov 2026 05:50 PM (IST)

मेरठ में छिलका रहित जौ की खेती पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें इसे गेहूं का लाभकारी विकल्प और स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद बताया गया।

मोदीपुरम (वि)

मोदीपुरम (वि) 

HighLights

  1. छिलका रहित जौ गेहूं का लाभकारी विकल्प।

  2. किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगा।

  3. आहार में शामिल करने से स्वास्थ्य को लाभ।

जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। गेहूं के विकल्प के रूप में छिलका रहित जौ की खेती किसानों के लिए आर्थिक लाभ का बेहतर माध्यम बनने के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य का आधार भी बन सकती है।

दैनिक आहार में जौ को शामिल करने से विभिन्न बीमारियों से बचाव में मदद मिल सकती है। सोमवार को कृषि विश्वविद्यालय में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल के विज्ञानियों की ओर से छिलका रहित जौ की खेती, मूल्य संवर्धन एवं स्वास्थ्य आधारित उद्यमिता विकास विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डा. त्रिवेणी दत्त ने किया। इस दौरान कुलसचिव, निदेशक शोध, निदेशक आइक्यूएसी, निदेशक सेवायोजन के अलावा पूर्व अधिष्ठाता कृषि डा. एनएस राना मौजूद रहे।

अतिथियों ने विश्वविद्यालय एवं भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से छिलका रहित जौ की गुणवत्ता और स्वास्थ्य संबंधी लाभों की तकनीकी जानकारी विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र के किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

तकनीकी सत्र में संस्थान के निदेशक डा. आवीर सिंह ने छिलका रहित जौ के पौष्टिक गुणों तथा दैनिक आहार में इसे शामिल करने से विभिन्न बीमारियों से बचाव के बारे में बताया। डा. मुकेश कुमार ने गन्ना आधारित फसल चक्र में गेहूं के स्थान पर जौ की खेती को बढ़ावा देने तथा भोजन की थाली में इसका समावेश करने पर जोर दिया।

करनाल से आए विज्ञानी डा. लोकेंद्र कुमार ने जौ की विभिन्न प्रजातियों, डा. रविंद्र शेखावत ने इसकी खेती से होने वाले आर्थिक लाभ और डा. ओपी गुप्ता ने माल्ट जौ की गुणवत्ता एवं उससे तैयार होने वाले पेय पदार्थों की जानकारी दी। संचालन डा. हरिओम कटियार ने किया। डा. पीके सिंह, डा. आरएस सेंगर, डा. एसके लोधी आदि मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।