Honor Killing In Meerut: शादी के एक दिन पहले भाई ने बहन को उतारा मौत के घाट, यह रही वजह
Honor Killing In Meerut मेरठ में शनिवार की सुबह एक भाई ने अपने सगी बहन को मौत के घाट उतार दिया। गोली की आवाजा सुनते ही आसपास में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को पकड़ लिया। पूछताछ में हत्या के कारण का खुलासा हुआ है।
मेरठ, जेएनएन। दिन निकलते ही भाई ने गोली मारकर बहन की हत्या कर दी। रविवार को उसकी बरात आनी थी। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह प्रेमी ने भाई के मोबाइल पर दोनों के फोटो भेज दिए थे, जिसके चलते आरोपित गुस्से में था। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद टाल वाली गली निवासी रहीसुद्दीन की दो बेटियों की ससुराल खुर्जा में हैं। उनके देवर कासिम (फुफेरा भाई भी) से छोटी बेटी फिरदौस का चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर स्वजन ने उस पर पाबंदी लगा दी थी। कुछ दिन पहले वह प्रेमी के साथ चली गई थी। स्वजन तलाश कर उसे ले आए थे। दस दिन पहले उसका रिश्ता कोतवाली निवासी युवक से तय कर दिया था। रविवार को बरात आनी थी। शादी की पूरी तैयारी हो गई थी।
शुक्रवार देर रात कासिम ने फरदौस के भाई फिरोज और होने वाले पति को दोनों के कुछ फोटो भेज दिए थे। इसको लेकर रात में घर में हंगामा हुआ था। शनिवार सुबह कासिम ने फिर से फिरोज को कुछ फोटो भेज दिए। इसके बाद फिरोज घर से निकल गया और कुछ देर बाद पिस्टल लेकर आया। घर में घुसते ही उसने पीछे से सिर में बहन के गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को पिस्टल समेत गिरफ्तार कर लिया। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हो गई है। सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कासिम को पकडऩे गई पुलिस
मामले की जानकारी के बाद पुलिस कासिम को पकडऩे के लिए फिरोज के बड़े भाई इस्लामुद्दीन को साथ लेकर गई। हालांकि वह घर पर नहीं मिला। इसके बाद अन्य जगहों पर भी उसे पकडऩे के लिए दबिश दी गई। उधर, पुलिस फिरोज को पिस्टल देने वाले दोस्त की भी तलाश कर रही है।
शादी की खुशियां मातम में बदली
घर पर युवती की शादी की तैयारी चल रही थी। वहीं दूसरी ओर यह वारदात हो गई। परिवार की खुशियां मातम में पल भर में बदल गई। वारदात के बाद चींख पुकार मच गई। लोगों की घर पर भींड जुट गई। इस घटना से मां का रो-रोकर बूरा हाल है। वहीं मौके पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि अभी जांच के बाद पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा।