विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेन-जी का आधुनिक अंदाज व पारंपरिक आस्था साथ-साथ... हस्तिनापुर के गंगा मेले का नजारा ही कुछ ऐसा है

By Pankaj Tyagi Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 22 Nov 2026 12:38 PM (IST)

हस्तिनापुर के गंगा मेले में जेन-जी का आधुनिक अंदाज और पारंपरिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। युवा पीढ़ी स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के साथ गंगा स्नान व पूजा-अर्चना में शामिल होकर सुकून तलाश रही है।

गंगा मेले में कुश्ती में जोर-आजमाते युवक। जागरण

गंगा मेले में कुश्ती में जोर-आजमाते युवक। जागरण

जागरण संवाददाता, हस्तिनापुर (मेरठ)। वक्त के साथ पीढ़ियों का अंदाज बदला है, पहनावा बदला है, बातचीत का तरीका बदला है और दुनिया को देखने का नजरिया भी, लेकिन जब बात मां गंगा के सानिध्य और आस्था की आती है, तो आधुनिक दौर के युवाओं के कदम भी उसी परंपरा की ओर बढ़ते नजर आते हैं, जिसे सदियों से भारतीय संस्कृति का हिस्सा माना जाता रहा है। गंगा मेले की रेती पर बसी तंबुओं की दुनिया में इन दिनों यही खूबसूरत तस्वीर देखने को मिल रही है, जहां जेन-जी का आधुनिक अंदाज और पुरानी पीढ़ी की धार्मिक आस्था एक ही रंग में नजर आ रहे हैं।

मेले में युवाओं की मौजूदगी केवल घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है। कोई दोस्तों के साथ गंगा किनारे बैठकर ठंडी हवाओं का आनंद ले रहा है, कोई मोबाइल कैमरे में मेले के खूबसूरत दृश्य समेट रहा है तो कोई परिवार के साथ घाट पर पहुंचकर गंगा स्नान और पूजा-अर्चना में शामिल हो रहा है। हाथों में स्मार्टफोन, कानों में ईयरफोन और सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़ी युवा पीढ़ी यहां कुछ समय के लिए दिनचर्या से अलग होकर गंगा की लहरों के बीच सुकून तलाशती दिखाई देती है।

गंगा मेले की रेती पर जेन-जी का यह अंदाज बता रहा है कि आधुनिकता और आस्था के बीच कोई दूरी जरूरी नहीं। नई पीढ़ी के तौर-तरीके अलग हो सकते हैं, लेकिन मां गंगा के प्रति श्रद्धा का भाव आज भी पीढ़ियों को एक सूत्र में पिरो रहा है। यही मेले की वह खूबसूरती है, जहां नई सोच और पुरानी परंपरा साथ-साथ बहती दिखाई देती हैं।

रेती पर दोस्ती, परिवार और आस्था का संगम
गंगा मेले में पहुंचे अंकित चौधरी बताते है कि गंगा मेले के अस्थायी शहर में युवाओं की सुबह चाय की चुस्कियों, दोस्तों के साथ हंसी-मजाक और दिनभर की योजनाओं से शुरू होती है। इसके बाद कोई मेले की दुकानों पर घूमता है, कोई फोटो लेता है और कोई परिवार के साथ गंगा घाट की ओर निकल पड़ता है।

कई युवा ऐसे भी हैं, जो अपने बुजुर्गों के साथ स्नान कर पूजा-पाठ की परंपरा निभाते हैं। युवा घाटों, नावों, तंबुओं और मेले की रौनक के बीच तस्वीरें और वीडियो बनाकर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। लेकिन इन तस्वीरों के पीछे केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि परिवार के साथ बिताया समय, दोस्तों के साथ जुड़ाव और अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का अनुभव भी छिपा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।