हरियाणवी अभिनेत्री बनी 'रिवॉल्वर रानी', छत पर खड़े होकर फायरिंग करने का वीडियो वायरल Meerut News
हरियाणवी अभिनेत्री और मॉडल लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। उन्होंने पति पर जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी थी वहीं शनिवार को उनकी एक वीडियो वायरल हुई।
मेरठ, जेएनएन। हरियाणवी अभिनेत्री और मॉडल लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। एक दिन पहले जहां उन्होंने पति पर जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी थी, वहीं शनिवार को उनकी एक वीडियो वायरल हुई। जिसमें वह रिवाल्वर से फायरिंग करते हुए दिखाई दे रही हैं। हालांकि वीडियो को उन्होंने करीब तीन साल पुराना बताया है। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर जी ब्लॉक निवासी माही चौधरी उर्फ शिल्पी हरियाणवी एक्टर और मॉडल है। शुक्रवार को उन्होंने पति मनीष कसाना के खिलाफ जानलेवा हमला कराने का मुकदमा दर्ज कराया था। शनिवार सुबह माही चौधरी की एक 22 मिनट की वीडियो वायरल हुई, जिसमें वह छत पर खड़े होकर रिवाल्वर से फायरिंग कर रही हैं।
इस दौरान वह वीडियो बनाने वाले से पूछ रही हैं कि मैं कैसी लग रही हूं। इस संबंध में जब हरियाणवी एक्टर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वीडियो करीब तीन साल पुराना है। यह एक शूटिंग के दौरान बनाया गया था और पिस्टल भी नकली है। यह सब उनके पति ने दबाव बनाने के लिए किया है। नौचंदी थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि वीडियो की जानकारी मिली है। इसमें जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।