अब दौराला के गांव खेड़ी में हर्ष फायरिंग, दूल्हा समेत दस लोग घायल Meerut News
दौराला थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव में बुधवार रात आई बरात में हर्ष फायरिंग हो गई। फायरिंग से बरात में भगदड़ मच गई। दूल्हा समेत दस लोग इसमें घायल हो गए।
मेरठ, जेएनएन। दौराला थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव में बुधवार रात आई बरात में हर्ष फायरिंग हो गई। फायरिंग से बरात में भगदड़ मच गई। 12 बोर के कारतूस से निकले छरें से दूल्हा समेत दस लोग घायल हो गए। फायरिंग के बाद वर-वधू पक्ष के बीच मारपीट हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। घायलों का उपचार कराया गया। दूल्हे के भाई ने थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया।
लाइसेंसी बंदूकों से फायरिंग
खेड़ी गांव में बुधवार रात बरात आई थी। आरोप है कि चढ़त जब दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची, तभी दुल्हन के चाचा नरेश व यशपाल अपनी लाइसेंसी बंदूकों से फायरिंग कर रहे थे। बताया जाता है कि दोनों ही चाचा नशे में थे। घोड़ी पर बैठे दूल्हे व अन्य बारातियों को 12 बोर के कारतूस के छर्रे लगने से घायल हो गए। फायरिंग व चीख पुकार के बीच बारात में भगदड़ मच गई। लहूलुहान देख महिलाओं ने शोर मचा दिया। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
बराती और घरातियों घमासान
बराती और घरातियों के बीच जूतम-पैजार हुई। दूल्हे पक्ष के गुस्साएं लोगों ने जमकर पीटा। गांव और दोनों पक्षों के बुजुर्गों ने किसी तरह प्रकरण को संभाला और लोगों को समझाकर शांत किया। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। घायलों का उपचार कराया गया। हालांकि बुजुर्गों की सूझबूझ से शादी संपन्न कराई गई। दूल्हे के भाई निशांत ने थाने में दस लोगों के र्छे लगने की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान का कहना है कि वर-वधू की शादी संपन्न हो गई है। तहरीर पर केस दर्ज हो गया है। आरोपित फरार हैं। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
मंडप स्वामी पर होगा मुकदमा
पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि हर्ष फायरिंग को लेकर पुलिस सख्त है। जहां भी मंडप या फार्म हाउस में हर्ष फायरिंग होगी। दूल्हा दुल्हन के पिता और फार्म हाउस के स्वामी पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही सभी लाइसेंसधारियों के कारतूस का सत्यापन भी किया जाएगा। लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग करने वालों के लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे।
दूल्हा और दुल्हन के पिता पर मुकदमा
जुर्रानपुर के भड़ाना फार्म में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में आठ साल के बच्चे की पीठ में गोली लगी थी, जिसमें दूल्हा और दुल्हन के पिता पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही फार्म स्वामी को नोटिस भेज जवाब मांगा है। उधर, पुलिस ने फार्म हाउस को बुकिंग करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली के सरायजीना निवासी हाजी सनीफ की दो बेटियों दरकशा और मजहबी का निकाह जुर्रानपुर स्थित भड़ाना फार्म हाउस में मंगलवार को हुआ।
पीठ में लगी थी गोली
दरकशा की बरात मोदीनगर और मजहबी की बारात घोसीपुर खरखौदा से आई थी। बारात में सनीफ के रिश्तेदार नरहाड़ा खरखौदा निवासी आरिफ भी बच्चों के साथ शामिल हुए थे। दोनों ही बारात फार्म हाउस के गेट पर चढ़त कर रही थीं तभी हर्ष फायरिंग में आरिफ के आठ वर्षीय बेटे आहत उर्फ भूरा की पीठ में गोली लग गई। खून से लथपथ बच्चे को जगदंबा अस्पताल में भर्ती कराया।
तहरीर देने से इनकार
पीड़ित परिवार ने कोई भी तहरीर देने से इनकार कर दिया। परतापुर पुलिस की तरफ से दूल्हा-दुल्हन के पिता और मंडप को बुकिंग करने वाले साकिब पर मुकदमा दर्ज किया। साकिब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही भड़ाना फार्म हाउस के संचालक गौरव भड़ाना को नोटिस भेज जवाब मांगा है। इंस्पेक्टर आनंद मिश्र ने बताया कि डीवीआर से घटना की सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है।
भड़ाना फार्म हाउस के प्रबंधक पर मुकदमा
हर्ष फायरिंग में भड़ाना फार्म हाउस के प्रबंधक को भी नामजद किया है। पुलिस की तरफ से दर्ज हुए मुकदमे में लड़की के पिता सनीफ निवासी सराय जीना और लड़के के पिता नईम निवासी मुरादनगर ओर कासिम निवासी घोसीपुर को नामजद किया है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश डाली जाएगी।