सीएनजी पंप के कर्मचारियों की गुंडई, रिटा. कैप्टन व बेटों को डंडों से पीटा
अधिक रेट का विरोध करने पर रिठानी स्थित सीएनजी पंप के कर्मचारियों ने रिटायर कैप्टन व उनके दो बेटों पर हमला बोल दिया। हमले में तीनों पिता-पुत्र घायल हो गए।
मेरठ, जेएनएन : अधिक रेट का विरोध करने पर रिठानी स्थित सीएनजी पंप के कर्मचारियों ने रिटायर कैप्टन व उनके दो बेटों पर हमला बोल दिया। हमले में तीनों पिता-पुत्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंची परतापुर पुलिस ने दो कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष ने तहरीर नहीं दी थी।
टीपीनगर क्षेत्र के मलियाना निवासी केबी सिंह सेना से रिटायर कैप्टन हैं। वह अपने बेटों जितेंद्र व अरविंद के साथ सेंट्रो कार से रिश्तेदारी में दिल्ली गए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे घर लौटते वक्त वे कार में सीएनजी डलवाने के लिए रिठानी स्थित सीएनजी पंप पर रूके। बताया है कि केबी सिंह ने दिल्ली से अधिक रेट होने का विरोध करते हुए दिल्ली के रेट से सीएनजी डालने की बात कही। इस पर कर्मचारियों ने इन्कार कर दिया तो विवाद हो गया। आरोप है कि पंप कर्मचारियों ने लाठी-डंडों से केबी सिंह व उनके बेटों पर हमला कर दिया। मारपीट में तीनों पिता-पुत्र गंभीर रुप से घायल हो गए। रिटायर कैप्टन ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी, जिसके बाद परतापुर पुलिस सीएनजी पंप पर पहुंची। पुलिस ने पंप कर्मचारी अंकित पुत्र इंद्रेश निवासी खेड़ी मीरापुर मुजफ्फरनगर व आशीष पुत्र तिलकराज निवासी औरंगाबाद किला रोड को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही थी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
युवक को अगवा कर मारपीट
मेरठ। कंकरखेड़ा क्षेत्र में शोभापुर फ्लाईओवर के निकट कार सवार लोगों ने एक युवक को अगवा कर लिया उससे मारपीट की। इसके बाद हाईवे पर फेंक कर फरार हो गए। दीपांशु पुत्र नैन सिंह निवासी रोहटा रोड फाजलपुर ने बताया कि गुरुवार देर शाम वह शोभापुर फ्लाईओवर के पास खड़ा था। तभी वहां खड़े कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। जिस पर उन लोगों ने उसे पीटा। मोबाइल तोड़ दिया और उसे जबरन कार में डाल कर ले गए। कार में भी उसके साथ मारपीट की। बाद में चलती कार से फेंक कर फरार हो गए। पीड़ित ने शुक्रवार सुबह थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप