छोटे GST बकाये पर अब नहीं आएगा नोटिस, अफसर अनावश्यक दस्तावेजों की नहीं कर सकेंगे मांग; इस बदलाव पर क्या कहते हैं जानकार?
जीएसटी काउंसिल ने व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए 10 हजार रुपये से कम के टैक्स बकाया पर नोटिस जारी करने पर रोक लगा दी है।

HighLights
10 हजार से कम टैक्स बकाया पर अब नोटिस नहीं।
छोटे कर विवादों को समाप्त करने के लिए नियमों में संशोधन।
पंजीकरण संबंधी बदलाव अब पोर्टल से होंगे आसान।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जीएसटी काउंसिल द्वारा नियमों में किए गए संशोधन से व्यापारियों को टैक्स से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलेगी। 10 हजार से कम टैक्स बकाया होने पर नोटिस जारी करने से रोक लगा दी गई है। अभी तक अगर व्यापारियों का एक हजार या उससे कम का टैक्स बकाया होता था तो नोटिस जारी होने पर 10 हजार की पेनाल्टी देनी पड़ती थी।
जीएसटी काउंसिल ने छोटे कर विवादों को समाप्त करने के लिए नियमों में संशोधन किया है। सीए केपी सिंह ने बताया कि जीएसटी अधिनियम की धारा 73, 74 एवं 74ए के तहत कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए दस हजार रुपये की न्यूनतम सीमा निर्धारित करने की सिफारिश की है।
30 अक्टूबर से जीएसटी अधिकारियों को दस हजार रुपये से कम की कर राशि के मामलों में नए नोटिस जारी नहीं करने के निर्देश दिए हैं। गलत तरीके से लिए गए अथवा इस्तेमाल किए गए इनपुट टैक्स क्रेडिट के मामलों में भी यह सीमा लागू होगी। इसके अलावा 10 हजार रुपये से कम की कर राशि के लंबित नोटिसों एवं अपीलों में भी राहत देने के लिए कानून में संशोधन की सिफारिश की गई है।
मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल ने बताया कि अभी तक इसमें व्यापारियों का उत्पीड़न होता था। अभी तक छोटे मोटे टैक्स बकाया पर यह नोटिस जारी कर दिए जाते थे।
पंजीकरण से संबंधित बदलाव हुए आसान
कौंसिल ने पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची स्पष्ट कर दी गई है। सीए राघव अरोड़ा ने कहा कि व्यापार स्थल स्वयं का है, किराये का है अथवा किसी की सहमति से इस्तेमाल किया जा रहा है, इसके अनुसार ही दस्तावेज देने होंगे। विभागीय अधिकारी अनावश्यक दस्तावेजों की मांग नहीं कर सकेंगे।
इसके अलावा जीएसटी के संशोधित नियम 19 के तहत पैन नंबर में बदलाव न होने की स्थिति में फर्म के कानूनी नाम, व्यवसाय के स्वरूप तथा अतिरिक्त व्यापार स्थल में संशोधन के लिए अधिकारी की स्वीकृति का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पोर्टल के माध्यम से ही संशोधन हो जाएगा। हालांकि सामान्य पंजीकरण में मुख्य व्यापार स्थल बदलने के लिए अधिकारी की स्वीकृति आवश्यक रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।