यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सरकारी बैंकों में लटके ताले, दो दिवसीय हड़ताल शुरू
वेतन बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन। 30 और 31 मई को बैंकों में लटके रहेंगे ताले।

मेरठ। वेतन बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर दो दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल बुधवार को शुरू हो गई है। दो दिन तक चलने वाली हड़ताल की वजह से लोगों को बैंकिंग सेवाओं से बाधित रहना पड़ेगा। इससे व्यापार और अन्य कामकाज में परेशानी आएगी।
मेरठ में ईस्टर्न कचहरी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के सदस्यों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। यूनियन के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी है। इसके अलावा सभी सरकारी बैंकों पर ताले लटकने से ग्राहक परेशान होकर वापस लौट रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में कीर्ति दुग्गल, एसके शर्मा, प्रशांत शर्मा, ओमबीर सिंह, ललित कुमार, केके अग्रवाल, नरेश कुमार, विकास गर्ग, विनोद कुमार, संजीव बालियान, अमित त्यागी, राणा प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। नौ यूनियन आई एक साथ
इस बार हड़ताल में नौ यूनियनों का साथ मिल रहा है। बैंकों की हड़ताल होने से सबसे ज्यादा असर व्यापार वर्ग पर पड़ेगा। दो दिन हड़ताल होने के बाद बैंक एक जून को खुलेंगे। इसके बाद तीन जून को रविवार होने से फिर बैंक बंद रहेंगे। इससे चेक क्लियरेंस व्यवस्था ठप हो सकती है। वहीं इसके अलावा एटीएम भी खाली होने का खतरा मंडराने लगा है। दो दिन लोगों को एटीएम के सहारे ही रहना पड़ेगा। डिजिटल भुगतान का मिलेगा सहारा
बैंकों में हड़ताल होने से ग्राहकों को अब दो दिन डिजिटल भुगतान का सहारा लेना होगा। इसके लिए सभी बैंकों ने अपने एप जारी किए हुए हैं। जिसके माध्यम से कैश ट्रांसफर, भुगतान आदि सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। वहीं पेटीएम, फोन-पे सहित अन्य एप के माध्यम से भी एक-दूसरे के खाते में पैसा ट्रांसफर किया जा सकता है।