सरकार किसानों का दर्द समझे : आचार्य प्रमोद कृष्णम
कांग्रेस नेता एवं कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि देश बेहद खतरनाक दौर से गुजर रहा है।
मेरठ, जेएनएन। कांग्रेस नेता एवं कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि देश बेहद खतरनाक दौर से गुजर रहा है। सरकारों की कथनी और करनी में अंतर है। देश के किसानों का सरकार से भरोसा उठ गया है। इसकी वजह से देश की राजधानी और सीमाएं दोनों पर संकट है। भगवान इस सरकार को सद्बुद्धि दे। गुरुवार को हस्तिनापुर में भगवान परशुराम की मूर्ति का अनावरण करने के उपरांत आचार्य प्रमोद कृष्णम शाम पांच बजे कांग्रेस नेता युसुफ कुरैशी के जली कोठी स्थित आवास पर पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का सम्मान देश का हर नागरिक करता है, लेकिन किसानों के मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट ने जिस कमेटी का गठन किया है, उससे भरोसा उठ गया है। सुप्रीम कोर्ट से अपील करते हैं कि अपने द्वारा गठित कमेटी में संशोधन करे। उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून वापस होने चाहिए। किसान न तो पाकिस्तान का है न यूनान का। वह हिदुस्तान का है। इसलिए सरकार को किसानों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। कहा कि योगी सरकार अपराध और अपराधियों को रोकने में विफल साबित हुई है। जाति और धर्म देखकर पुलिस काम कर रही है।
ब्राह्माण बने कांग्रेस से मुख्यमंत्री का चेहरा
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि वह चाहते हैं कि कांग्रेस से वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा किसी ब्राह्मण को बनाया जाए। पार्टी के बहुत से पदाधिकारी भी यही चाहते हैं। प्रदेश में 31 साल से कांग्रेस सत्ता से बाहर है। लंबे समय से कोई ब्राह्मण मुख्यमंत्री नहीं बना है।