दिल्ली पुलिस संग सहेली की ससुराल पहुंच बोली युवती, 'यह है मेरी पत्नी वापस करो...'
Meerut News: मेरठ में एक युवती दिल्ली पुलिस के साथ अपनी सहेली की ससुराल पहुंची और उसे अपनी पत्नी बताते हुए वापस भेजने की मांग की।

सहेली की ससुराल पहुंच बोली युवती, 'यह है मेरी पत्नी वापस करो...' (एआई जेनरेटेड फोटो)
HighLights
समलैंगिक युवतियों ने कर लिया था विवाह।
पत्नी को बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया।
संवाद सूत्र, जानी (मेरठ)। यह हंगामा कुछ अजीबो-गरीब था। दिल्ली पुलिस संग एक युवती अपनी ही सहेली की ससुराल पहुंच गई। वहां पहुंचकर कहा, 'मेरी पत्नी को आपने बंधक बनाकर रखा है। उसे रिहा कर मेरे हवाले करो।'
ससुराल पक्ष भी हैरत में रह गए। काफी देर तक चले हंगामे के बाद जब पुलिस ने बताया कि दोनों युवतियों ने समलैंगिक विवाह कर रखा है। दोनों पति-पत्नी है। उसका पंजीकरण भी करा रखा है। हंगामा के बाद ससुराल पक्ष ने अपने कदम पीछे खींच लिए।
युवती को लोनी पुलिस संग आई युवती के हवाले कर दिया। दोनों युवती साथ-साथ चली गई। इस पूरे मामले को लेकर जहां घंटों दिल्ली में हंगामा चला, वहीं जानी पुलिस ने इस मामले में जानकारी से इन्कार किया। उधर, दोनों युवतियों के स्वजन ने पूरे मामले की जानकारी होते ही उनसे नाता तोड़ लिया। इस बारे में किसी से भी बात करने से भी वह परहेज बरत रहे हैं।
जानी क्षेत्र के एक गांव निवासी दो युवतियों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इस बात की भनक एक युवती के स्वजन को लगी तो उन्होंने आनन-फानन में छह जुलाई को उसकी मर्जी के खिलाफ लोनी निवासी एक युवक से शादी कर दी।
जानी के ही एक फार्म हाउस से उसे विदा किया गया। दूसरी युवती को इसकी जानकारी मिली तो उसने पहले गांव में जमकर हंगामा काटा। इसके बाद उसने कानूनी रूप से सहेली को वापस लाने की कार्रवाई शुरू की।
शनिवार को युवती लोनी थाने पहुंच गई। उसने पूरा प्रकरण पुलिस को बताया। कहा, उन्होंने कोर्ट मैरिज कर पंजीकरण करा रखा है। वह उसकी पत्नी है। स्वजन ने उसकी जबरन गैर कानूनी रूप से शादी कर दी है।
उसने पत्नी को ससुरालियों की कैद से मुक्त करा उसे सौंपने को कहा। सहेली ने ससुराल में जमकर हंगामा किया। सहेली को संग लेकर वह आ गई। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई। उधर, जानी एसओ गौरव विश्नोई ने घटना की जानकारी व सूचना से इन्कार किया है।
