Ganga Mela: संस्कारों का संगम है गंगा मेला, नई पीढ़ी तक रीति-रिवाज पहुंचाती हैं महिलाएं; यहां आने से पहले घर में बनाए लड्डू
Meerut News: मखदूमपुर गंगा मेले में लाखों श्रद्धालु आस्था के साथ पहुंचते हैं, जहां महिलाएं अस्थायी गृहस्थी और धार्मिक अनुष्ठानों को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मेरठ में मखदूमपुर गंगा मेले की तैयारियां और बसने लगा तंबुओं का शहर, इंसेट में घर पर मेले के लिए लड्डू बनातीं महिलाएं।
HighLights
मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में मखदूमपुर गंगा मेले की तैयारियां अंतिम चरण में।
मेले में अस्थायी गृहस्थी को संभालने में महिलाओं की बड़ी भूमिका।
सचिन गोयल, हस्तिनापुर (मेरठ)। मखदूमपुर गंगा घाट पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद मेले का शुक्रवार को औपचारिक शुभारंभ होगा। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला यह पांच दिवसीय गंगा मेला लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मेला स्थल पर श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है।
मेले में पहुंचने वाले लोगों के लिए यह पांच दिन किसी अस्थायी धार्मिक यात्रा से कम नहीं होते। परिवार अपने साथ जरूरी सामान लेकर पहुंचते हैं। गंगा किनारे तंबुओं में कुछ दिन के लिए अपनी गृहस्थी बसा लेते हैं। इस अस्थायी गृहस्थी को संभालने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
मेले में पहुंचने से पहले महिलाएं रसोई की व्यवस्था से लेकर पूजा-अनुष्ठान की तैयारी का सामान एकत्र करने में कई दिन पहले से ही जुट जाती हैं। उनकी जिम्मेदारियां मेले के हर दिन के साथ जुड़ी रहती हैं। मेले में पहुंचने के बाद पुरुष जहां तंबू लगाने, सामान व्यवस्थित करने और अन्य जरूरी इंतजामों में जुटते हैं।
वहीं, महिलाएं घर से लाए गए सामान को व्यवस्थित कर रसोई की तैयारी शुरू कर देती हैं। चूल्हे, बर्तन, राशन, सब्जियां और पीने के पानी की व्यवस्था के बीच एक छोटी-सी गृहस्थी आकार लेने लगती है। सीमित साधनों में पूरे परिवार के लिए भोजन तैयार करना अपने आप में एक चुनौती होती है। सुबह की शुरुआत कई परिवारों में चाय और नाश्ते की तैयारी के साथ होती है।
इसके बाद दिनभर के भोजन की व्यवस्था, बच्चों की देखभाल और परिवार के अन्य सदस्यों की जरूरतें पूरी करने का सिलसिला चलता है। इसी के साथ पूजा-अनुष्ठान सामग्री, दीपक, अगरबत्ती, फूल, रोली, चावल और अन्य जरूरी वस्तुओं को व्यवस्थित किया जाता है।
आसान नहीं होता रसोई संभालना
हस्तिनापुर की रामलीला ग्राउंड निवासी सुमन चौधरी बताती है कि वे मेले के लिए कई दिन पूर्व ही तैयारियां शुरु कर देती है। परिवार के लिए देशी घी, मेवे व खोये के लड्डू बनाना अन्य सामान जोड़ना होता है। बताया कि मेले की भीड़ व अस्थायी व्यवस्था में रसोई संभालना आसान नहीं, लेकिन महिलाएं जिम्मेदारियों को पूरी मेहनत से निभाती हैं।
नई पीढ़ी में होती है रीति रिवाजों का संचार
बिसौला गांव निवासी सरस्वती देवी बताती है कि कई परिवारों के लिए गंगा मेले में आना केवल घूमना या स्नान करना नहीं, बल्कि परिवार की धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाना भी है। महिलाएं घर के बड़े-बुजुर्गों से सीखे हुए रीति-रिवाजों को अपने बच्चों तक पहुंचाती हैं। पूजा की थाली सजाने से लेकर दीपदान की तैयारी तक हर काम में उनकी भागीदारी दिखाई देती है।
मेले में महिलाओं का बसता है अपना संसार
ग्राम निलोहा की राजकुमार बताती है कि गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच महिलाओं का अपना सामाजिक संसार भी बनता है। आसपास के तंबुओं में रहने वाली महिलाएं एक-दूसरे से बातचीत करती है और परिचित होती हैं। रसोई और घरेलू कामों के बीच बातचीत, बच्चों की देखभाल में सहयोग और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे की मदद से सामूहिक जीवन की तस्वीर उभरती है।
आकार लेने लगा तंबुओं का शहर
हस्तिनापुर : मखदूमपुर गंगा घाट पर लगने वाले वार्षिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में चल रही है। शुक्रवार को विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद इस गंगा मेले का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। मेले की सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को सीओ मवाना ने मेला प्रभारी व एसएसआइ के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गंगा मेले में आसपास क्षेत्र के लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। यहां तंबुओं का शहर आकार लेने लगा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।