मानव जीवन में वृक्षों का महत्वपूर्ण स्थान: ढींगरा
वन विभाग एवं आकांक्षा समिति ने पौधरोपण कर किया वन महोत्सव का शुभारंभ
मेरठ । वन विभाग एवं आकांक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मेरठ स्थित स्मृति वन में वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर सीता अशोक, आंवला व कटहल समेत करीब 50 प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
आकांक्षा समिति की अध्यक्ष व डीएम की धर्मपत्नी हेमा ढींगरा ने स्मृति वन निकट सर्किट हाउस में पौधरोपण करके वन महोत्सव सप्ताह का सुबह करीब 11 बजे शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हम अपने जीवन में कई प्रकार के उत्सव मनाते हैं परंतु वन महोत्सव इन सबसे बढ़कर ऐसा उत्सव है जो कि हमारे जीवन को सच्चा सुख प्रदान करता है। उन्होंने आह्वान किया कि मानव जीवन में वृक्षों का महत्वपूर्ण स्थान है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को वन महोत्सव के तहत एक पौधा जरूर रोपना चाहिए।
मीनू पांडेय ने प्राचीन सभ्यता एवं संस्कृति में वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डाला। डीएफओ अदिति शर्मा ने कहा कि 'एक व्यक्ति एक वृक्ष योजना' के तहत अपने घरों या उसके आसपास की भूमि पर प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों के पास भूमि की उपलब्ध नहीं है, ऐसे व्यक्ति वृक्ष भंडारा कार्यक्रम के तहत वन विभाग में पंजीकरण कराकर ऐसे व्यक्तियों को पौधे दान करें जो वास्तव में पौधरोपण करने के इच्छुक हैं। उन्होंने सात जुलाई तक चलने वाले वन महोत्सव में अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया। इस मौके पर हरीश मोहन गोसांई, सुनील कुमार शर्मा, मोहन सिंह, देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
45 केक काटकर मनाया सपा अध्यक्ष का जन्म दिन
युवा सपाइयों ने रविवार को 45 केक काटकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्म दिन मनाया। साथ ही एक दूसरे को केक खिलाया।
चौधरी चरण सिंह पार्क कमिश्नरी चौराहा में दोपहर 12 बजे युवा सपा नेता बाबर चौहान खरदौनी एवं सम्राट मलिक के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया। रालोद के प्रदेश सचिव सोहराब ग्यास विशेष अतिथि रहे। युवा सपा नेताओं ने इस मौके पर 45 केक काटकर पूर्व मुख्यमंत्री का 45वां जन्म दिन मनाया। इस कार्यकर्ताओं ने यह भी संकल्प लिया कि वह लोकसभा के वर्ष-2019 के चुनाव में पार्टी को विजयी बनाएंगे। केक काटने वालों में शबाब आलम, शोएब अली, महताब मूसा, शेरा जाट, अभिनव जावला, अनमोल त्यागी, आकाश शर्मा, फराकत चौहान, सचिन, हकीकत चौहान, माजिद चौहान आदि शामिल रहे।