800 करोड़ कुल यूपी के लिए, हमें अकेले ही 49 करोड़ मिला : दिनेश खटीक
राज्यमंत्री एवं हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक ने योगी सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कृतज्ञता जताई। कहा कि प्रदेश में बाढ़ नियंत्रण के लिए 800 करोड़ का बजट है जिसमें अकेले हस्तिनापुर को ही 49 करोड़ मिला है।
मेरठ, जेएनएन। राज्यमंत्री एवं हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक ने योगी सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कृतज्ञता जताई। कहा कि प्रदेश में बाढ़ नियंत्रण के लिए 800 करोड़ का बजट है, जिसमें अकेले हस्तिनापुर को ही 49 करोड़ मिला है। इससे पहले कैबिनेट एवं राज्यमंत्री ने बदायूं का दौरा किया। मेरठ के बाद बरेली में भी पहुंचकर समीक्षा की।
दिनेश ने कहा कि सूबे में 42 जिले बाढ़ग्रस्त हैं, जिसमें हस्तिनापुर के क्षेत्र में बड़ी राशि आई। 12 किमी का नया बंधा स्वीकृत हो रहा है, जिसकी लागत 49 करोड़ होगी। चेता वाले पुल की तरह आसिफाबाद में भी नया पुल बनाने की मांग है। तीन बंधे पहले ही सरकार स्वीकृत कर चुकी है। आजादी के बाद बनी सभी सरकारों की तुलना में इस बार हस्तिनापुर का बजट कई गुना यानी 442 करोड़ रहा है।
पीसी जोशी अध्यक्ष और राम मूरत वर्मा बने महामंत्री : विद्युत परिषद आशु लेखक संघ उप्र की पश्चिमांचल डिस्काम शाखा के आशुलेखकों का चतुर्थ वार्षिक सम्मेलन कैंट स्थित होटल इंप्रेस कोर्ट में संपन्न हुआ। सम्मेलन के उपरांत मुख्य चुनाव अधिकारी आरएन यादव केंद्रीय संगठन मंत्री और चुनाव अधिकारी शिवाजी तिवारी केंद्रीय महामंत्री की देखरेख में आशुलेखक संघ की पश्चिमांचल डिस्काम की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। कार्यकारिणी में अध्यक्ष पीसी जोशी, उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण गौतम व दिनेश कुमार, महामंत्री राम मूरत वर्मा, संयुक्त मंत्री आरपी भदौला, लक्ष्मी विवेक, कोषाध्यक्ष आरके निम, संगठन मंत्री विपिन वैश्य, मीडिया प्रभारी केहर सिंह समेत सदस्यों में संजीव कुमार, बीबी शर्मा, जितेंद्र सिंह सिरोही, संजीव आनंद, फातिमा खातून और सुशील चौधरी चुने गए। मुख्य अतिथि वीके कलहंस ने कहा कि बिजली आशुलेखकों की मांगों को उच्च अधिकारियों के सामने पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। वेतनमान और पदनाम की मांग के साथ कामन कैडर घोषित किए जाने की मांग उठाई जाएगी।