Fitness Mantra In Meerut: अपनी सेहत का कुछ ख्याल करो...जानिए हास्य कवि पापुलर मेरठी का फिटनेस मंत्र
Fitness Mantra हास्य कवि पापुलर मेरठी जो देश और विदेश के मंचों पर लोगों को अपनी कविताओं से गुदगुदाते हंसाते सेहत को सही रखते हैं। तो दूसरी ओर खुद अपनी सेहत को लेकर काफी फिक्रमंद रहते हैं। इसमें वे कोई भी समझौता नहीं करते।
मेरठ, [विवेक राव]। Fitness Mantra यूं तबीयत ना तुम निढाल करो, टूटे रिश्ते भी कुछ बहाल करो। डांट कर बोली मुझते ये बेगम, अपनी सेहत का कुछ ख्याल करो। यह पंक्तियां हैं हास्य कवि पापुलर मेरठी की। जो देश और विदेश के मंचों पर लोगों को अपनी कविताओं से गुदगुदाते, हंसाते सेहत को सही रखते हैं। तो दूसरी ओर खुद अपनी सेहत को लेकर काफी फिक्रमंद रहते हैं। कोविड के चलते उनके कदम बाहर निकलने से भले ही रुक गए, लेकिन उन्होंने अपनी सेहत का हरदम ख्याल रखा। आज उन्होंने अपनी दिनचर्या को साझा भी किया है।
योग का नियमित करते हैं अभ्यास
पापुलर मेरठी कहते हैं कि कवि और लेखन के कारण घंटों बैठना और खड़ा रहना पड़ता है। इससे कई तरह की समस्या आ सकती है। लेकिन जब से मुशायरें में शिरकत करनी शुरू की, तभी से सेहत का भी खास ख्याल रखने के लिए शारीरिक अभ्यास जरूर करते रहे हैं। सुबह पांच से छह बजे के बीच में वह बिस्तर छोड़ देते हैं। फिर कुछ समय दोनों पैरों का अभ्यास करते हैं। कुछ अभ्यास कंधे को सही रखने के लिए करते हैं। घर में साइकिलिंग भी करते हैं। फिर योग का अभ्यास भी करते हैं। सांस से संबंधित अनुलोम विलोम जरूर करते हैं। इससे शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से वह खुद को फिट रख पाते हैं।
फुर्सत में सेहत की सुरक्षा
पापुलर मेरठी कहते हैं कि कोविड की वजह से मार्च 2020 से कहीं बाहर जाना नहीं हुआ। मुशायरे भी आनलाइन हुए हैं। बाहरी गतिविधियों के होने से शारीरिक श्रम भी हो जाता था। ऐसे में जब घर में रहना पड़ा तो समय अधिक मिला। इसमें व्यायाम और योग के लिए पर्याप्त समय मिला। नियमित अभ्यास से वजन नियंत्रित रहता, शुगर, ब्लडप्रेशर जैसी समस्या से बचाव हुआ है।